लखीमपुर खीरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा की तारीखें घोषित कर दी हैं। पहले चरण में तीन से 12 फरवरी के बीच जिले में प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में कराई जाएंगी। इनमें 50 प्रतिशत अंक आंतरिक परीक्षक और 50 प्रतिशत अंक बोर्ड की ओर से भेजे गए परीक्षक देंगे।
डीआईओएस ओपी त्रिपाठी ने बताया कि जिले में प्रयोगात्मक परीक्षा तीन फरवरी से शुरू होकर 12 फरवरी तक चलेंगी। प्रयोगात्मक विषय में 50 प्रतिशत अंक स्कूल के शिक्षक और 50 प्रतिशत अंक बोर्ड से भेजे गए परीक्षक देंगे। यही व्यवस्था व्यक्तिगत परीक्षार्थियों पर भी लागू होगी।
डीआईओएस ने बताया कि इंटरमीडिएट में अनिवार्य विषय खेल एवं शारीरिक शिक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षा विद्यालय के प्रधानाचार्य करवाएंगे। प्रयोगात्मक परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में होगी, जिसकी रिकार्डिंग भी सुरक्षित रखनी होगी।
कोविड प्रोटोकॉल का करना होगा पालन
यूपी बोर्ड सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा है। उन्होंने मास्क लगाकर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। संवाद
25 जनवरी से खुलेगी बोर्ड की वेबसाइट
डीआईओएस ने बताया कि हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा, नैतिक खेल व शारीरिक शिक्षा एवं इंटरमीडिएट के खेल व शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक कॉलेज के प्रधानाचार्य को बोर्ड वेबसाइट यूपीएमएसपी पर ऑनलाइन अपलोड करना होगा। इसके लिए 25 जनवरी से वेबसाइट खुलेगी। संवाद