लखीमपुर खीरी। फेस अटेंडेंस के विरोध और वेतन बहाली समेत मांगों को लेकर विभिन्न विभागों के इंजीनियर 16 सितंबर से काला फीता बांधकर विरोध जता रहे हैं। 20 सितंबर तक सुनवाई नहीं होने पर 21 सितंबर से आंदोलन बढ़ाने की चेतावनी दी है।
उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के जिलाध्यक्ष राम नक्षत्र और सचिव सत्यवान सिंह के नेतृत्व में आंदोलन चल रहा है। अधिकारियों को साैंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि जूनियर इंजीनियर और सहायक अभियंता फील्ड में निरीक्षण, टेस्ट, मापन, आईजीआरएस निस्तारण और निर्माण समेत कई काम करते हैं। ऐसे में फेस अटेंडेंस चुनौती है। इसके बावजूद इसे अनिवार्य किया जा रहा है, जिससे अगस्त का वेतन बाधित हुआ है।
वेतन बहाल नहीं होने पर 21 से 26 सितंबर तक ‘वर्क टू रूल’ के तहत सुबह 10 से शाम पांच बजे तक कार्यालय में रहकर काम करेंगे। शाम पांच बजे के बाद विभागवार गेट मीटिंग होगी। 27 सितंबर तक वेतन नहीं मिला तो 28 सितंबर से आंदोलन और बढ़ाने की चेतावनी दी है।