संपूर्णानगर-खजुरिया मार्ग पर बदला जा रहा ट्रांसफॉर्मर। संवाद
संपूर्णानगर। संपूर्णानगर-खजुरिया मार्ग पर सोमवार शाम से ठप विद्युत आपूर्ति बुधवार दोपहर ट्रांसफाॅर्मर बदले जाने के बाद बहाल हो गई। करीब 40 घंटे तक भीषण गर्मी झेलने के बाद बिजली आने पर क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।
सोमवार शाम खजुरिया मार्ग स्थित 25 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर तकनीकी खराबी से जल गया था। कर्मचारियों के मरम्मत प्रयास विफल रहने से कई उपभोक्ता अंधेरे और गर्मी में रहने के लिए मजबूर हो गए। स्थानीय उपभोक्ता मनोज अग्रवाल, अनुज शुक्ल और अमर ने विभाग के समक्ष विरोध जताते हुए ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की।
उपभोक्ताओं का कहना था कि क्षेत्र में अधिक लोड के कारण अक्सर ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या रहती है। जन आक्रोश के बीच बुधवार दोपहर करीब दो बजे जेई पवन कुमार मौके पर पहुंचे और नया 25 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगवाया। लोड प्रबंधन के लिए 25 केवीए के साथ 15 केवीए का एक अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर भी स्थापित किया गया।
अवर अभियंता पवन ने बताया कि बजट की कमी के कारण फिलहाल अधिक क्षमता का ट्रांसफाॅर्मर लगाना संभव नहीं था, लेकिन अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर से लो-वोल्टेज की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष इश्तियाक खान, रामायण प्रजापति, धर्मेंद्र सिंह और लाइनमैन राजेश पाल मौजूद रहे।