धनगढ़ी(कैलाली)। पांच मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा निर्वाचन के लिए कैलाली जिले में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन के अंतिम दिन जिले के पांचों निर्वाचन क्षेत्रों से दिग्गजों का जमावड़ा धनगढ़ी स्थित निर्वाचन कार्यालय में देखने को मिला।
पूर्व मंत्रियों, पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों और निर्दलीय प्रत्याशियों सहित कुल 78 उम्मीदवारों ने समर्थकों संग गाजे-बाजे के साथ पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया।
इस बार खास यह है कि चुनाव में जहां पुरुषों का वर्चस्व दिखा, वहीं महिलाओं की भागीदारी महज 11 सीटों तक सिमटकर रह गई। आंकड़ों के अनुसार, क्षेत्र नंबर एक में नागरिक उन्मुक्ति पार्टी के रेशम लाल चौधरी समेत 19 उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की है। इसमें तीन महिलाएं और छह निर्दलीय शामिल हैं। क्षेत्र नंबर दो से नेपाली कांग्रेस के विजय बहादुर सवार सहित 16 लोगों ने पर्चा भरा।
क्षेत्र नंबर तीन में नेकपा के वीरभान चौधरी और दो महिलाओं सहित कुल 11 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। सबसे चर्चित मुकाबला क्षेत्र नंबर चार और पांच में देखने को मिल रहा है। क्षेत्र नंबर चार से नेकपा एमाले के सचिव व पूर्व मंत्री लेखराज भट्ट और नेपाली कांग्रेस के गोरख बिष्ट सहित 17 प्रत्याशियों ने ताल ठोकी है।
धनगढ़ी मुख्य शहर वाले क्षेत्र नंबर पांच से नेकपा माओवादी केंद्र के प्रेम बहादुर आले, कांग्रेस के नर नारायण मनु शाह और एमाले के यज्ञराज ढुंगाना सहित 16 उम्मीदवारों ने नामांकन कराया है।