पलियाकलां। विधानसभा चुनाव में जिन दिव्यांग व 80 साल से ऊपर के वृद्ध मतदाताओं ने घर बैठे ही मतदान के लिए फार्म 12 डी भरा था। उनके मतदान की तिथियां निर्धारित होने के बाद पलिया विधानसभा में शुक्रवार को मतदान कराया गया।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में 80 साल से ऊपर और दिव्यांग मतदाताओं का सर्वे कराया गया था। इसके बाद ऐसे मतदाताओं ने फार्म 12 डी भरवाए गए थे। पलिया विधानसभा में कुल 35 मतदाताओं ने फार्म 12डी भरे थे जो पोलिंग बूथ तक नहीं पहुंच सकते थे। शुक्रवार को पलिया के लिए गठित तीन टीमों ने मतदाताओं के घर पहुंचकर मतदाता पोस्टल बैलेट से मतदान कराया।
तहसीलदार आशीष कुमार सिंह के साथ चुनाव में लगे अधिकारी संपूर्णानगर, नगर पालिका पलिया, मझगईं, अतरिया, पिपरिया भूड़, बांकेगंज क्षेत्रों में पहुंचे और 33 मतदाताओं से वोट डलवाया। इसके लिए टीमों ने बेहतर इंतजाम किए थे। तहसीलदार ने बताया कि 35 मतदाताओं में से 33 लोगों ने वोट डाला है, दो मतदाता किन्हीं कारणवश वोट नहीं डाल सके हैं।
गोला में 36 लोगों ने किया पोस्टल बैलेट से मतदान
गोला गोकर्णनाथ। विधानसभा 139 क्षेत्र में पोलिंग बूथ पर जाने में असमर्थ वृद्ध एवं दिव्यांग लोगों का पोस्टल बैलेट पर मतदान कराया गया। शुक्रवार को क्षेत्र में जाकर 40 में से 36 मतदाताओं का पोस्टल बैलेट मतदान कराया गया। 40 में 2 मतदाता मृतक, एक मतदाता के पास किसी भी प्रकार की आईडी नहीं मिली और एक महिला रिश्तेदारी में गई थी।
तहसीलदार विनोद कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार दिव्यांशु साहिब और बीडीओ देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग तीन टीमें गठित की गई थी। अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा चुनाव में 90% मतदान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विधानसभा 139 क्षेत्र के 40 में 36 मतदाताओं का पोस्टल बैलट पर मतदान कराया गया है। 23 फरवरी को मतदाता बढ़-चढ़कर मतदान करें। संवाद
पलिया के मझगईं में मतदान कराने के लिए पहुंचे तहसीलदार व टीम।- फोटो : LAKHIMPUR
मतदान करने के बाद उंगली पर लगे स्याही दिखाती वृद्धा- फोटो : LAKHIMPUR
80 वर्ष के बुजुर्ग मतदान करते हुए- फोटो : LAKHIMPUR