फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखीमपुर खीरी में भीषण हादसा: ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रक से टकराई मैजिक, दो सगे भाइयों समेत 10 की मौत

Mon, 18 May 2026 09:18 AM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी

सार

Road Accident News: लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। ऊंच गांव भरेहटा के बीच हाईवे पर मैजिक और ट्रक की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई। ये सभी लोग मैजिक में सवार थे। 
विज्ञापन
अस्पताल में शव रखते पुलिसकर्मी - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखीमपुर खीरी में पीलीतीत-बस्ती नेशनल हाईवे पर थाना ईसानगर क्षेत्र में सोमवार की सुबह दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। यहां ट्रक और मैजिक की भिड़ंत में 10 यात्रियों की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार यात्री वाहन में भी फंस गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। 

विज्ञापन


सोमवार सुबह करीब सात बजे पीलीभीत-बस्ती नेशलन हाईवे पर गांव भरेहटा के पास लखीमपुर की ओर से जा रही मैजिक और बहराइच की ओर से आ रहे ट्रक की आमने सामने भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि मैजिक ड्राइवर बड़े वाहन को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। ट्रक चालक ने मैजिक को बचाने के चक्कर में बायां टायर सड़क के नीचे भी उतार दिया, लेकिन हादसा टाला नहीं जा सका। 

विज्ञापन


मृतकों में एक शिक्षिका शामिल 
पुलिस के मुताबिक मैजिक में 10 लोग सवार थे। पुलिस ने अधिकारियों को सूचना देते हुए तत्काल सभी घायलों को मैजिक से निकालते हुए सीएचसी खमरिया भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने नौ घायलों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल एक युवक को जिला अस्पताल भेजवाया, जहां कुछ देर चले इलाज के बाद उसने भी दम तोड़ दिया। मरने वालों आठ पुरुष व दो महिला शामिल हैं। इसमें कुछ लोग बाहर काम करने वाले थे, जो वहां से लौटने के बाद अपने घर जा रहे थे।। कुछ लोग रिश्तेदारी से घर जा रहे थे। एक शिक्षिका भी थीं, जो सुबह अपने विद्यालय जा रही थीं।

हादसे में इनकी हुई मौत 
  • जयवीर सिंह (25) पुत्र पेशकार सिंह निवासी मनगौढ़िया थाना मोतीपुर जनपद बहराइच
  • पवन और सोहन (21) पुत्रगण संतोष निवासी रामवचनपुरवा जनपद बहराइच
  • अदनान (19) पुत्र वकील निवासी सिसैया थाना धौरहरा
  • राजेश गोयल (45) पुत्र मनीलाल गोयल निवासी ग्राम व थाना मिहीपुरवा जनपद बहराइच
  • सहजराम (35) पुत्र छोटे निषाद निवासी ग्राम ककरहा थाना मूर्तिहा जनपद बहराइच
  • पप्पू (18) पुत्र दूलन गौतम निवासी देवदत्तपुर थाना खैरीघाट जनपद बरहाइच
  • गायत्री वैश्य (44) पत्नी रमेशचन्द्र गुप्ता निवासी मोहल्ला विजय लक्ष्मीनगर सीतापुर
  • जुलेखा (55) पत्नी स्व. हबीब निवासी ग्राम पलटूपुरवा थाना धौरहरा
  • कलैश (40) पुत्र झब्बू लाल वर्मा निवासी ग्राम अमेठी थाना धौरहरा

अस्पताल में पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अफसर - फोटो : संवाद
मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा
दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संवेदनाएं व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवार वालों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता का एलान किया है।

एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बचाव कार्य शुरू कराया गया था। मैजिक और ट्रक को मार्ग से हटाते हुए आवागमन दुरुस्त कराया गया। प्रथम दृष्टया मैजिक ओवरटेक करने का ही कारण सामने आ रहा है। फिर भी पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। 

करीब साढ़े छह घंटे की मशक्कत के बाद हो सकी मृतकों की पहचान
हादसे के मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की पहचान कराने की तमाम कोशिशें की लेकिन वह नाकाम रही। जैसे-जैसे समय बीतता गया मृतकों की पहचान होती गई। मृतकों की पहचान को लेकर पुलिस करीब साढ़े छह घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शुरुआती घंटे में पुलिस ने तीन लोगों की पहचान कर पाई थी। पुलिस का कहना था कि ज्यादातर मृतक आस-पास के जिलों के थे इसको लेकर यह दिक्कत आई। हालांकि करीब डेढ़ बजे पुलिस ने दसों मृतकों की पहचान करते हुए परिजनों को सूचना दी।

विज्ञापन

बरेली का है ट्रक मालिक, चालक का पता लगा रही पुलिस
जिस ट्रक से मैजिक की भिड़ंत हुई वह ट्रक बरेली के युवक का बताया जा रहा है। पुलिस ने ट्रक नंबर से मालिक की पहचान की। एआरटीओ शांति भूषण पांडेय ने बताया कि ट्रक चालक शेर सिंह निवासी फरीदपुर बरेली का है। घटना के बाबत उसे पूरी जानकारी दे दी गई है। ट्रक में धान का चोकर बोरियों में लदा था। 

टाटा मैजिक का मालिक अकील अहमद निवासी रामापुर मुस्लिम नगर मीरपुर का बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस शुरू से ही मैजिक चालक का पता लगाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन सफल नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि मालिक का पता चलने के बाद अब जल्द ही मैजिक को कौन चला रहा था, इसका पता लग जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें