बिजुआ। बिजुआ में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक नई शुरुआत की गई है। एजुकेट गर्ल्स एनजीओ का शिक्षा रथ बृहस्पतिवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) से रवाना हुआ। यह रथ ब्लॉक के सभी गांवों और स्कूलों का दौरा करेगा।
शिक्षा रथ का मुख्य उद्देश्य छात्रों, अभिभावकों और समुदाय के सदस्यों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराना है। यह विशेष रूप से उन बच्चों पर ध्यान केंद्रित करेगा जो शिक्षा से वंचित हैं। इन बच्चों को स्कूल में नामांकन के लिए प्रेरित किया जाएगा। रथ के माध्यम से छात्राओं को नवीन शिक्षण विधियों और तकनीकी ज्ञान से परिचित कराया जाएगा। इससे शिक्षण प्रक्रिया में सुधार की उम्मीद है। समुदाय को भी शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
फील्ड कोऑर्डिनेटर अनुपम गुप्ता और सर्वेश कुमार तथा ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सुनील कुमार ने बताया कि यह पहल सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में मददगार साबित होगी। एनजीओ का लक्ष्य सभी छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करना है, विशेषकर लड़कियों की शिक्षा पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है।