लखीमपुर खीरी। बीरबाबा स्थान के पास सोमवार देर रात ई-रिक्शा चालक ने साथी के साथ मिलकर रुकुंदीपुर निवासी शिव प्रसाद वर्मा को पीट दिया। उनके पास से हजारों की नकदी लूटकर भाग गए। उन्होंने पुलिस पर थाने से भगाने का आरोप भी लगाया है।
शिव ने बताया कि वह अपनी मां की दवा लेने के लिए लखनऊ गए थे। रात करीब 10 बजे बस से लखीमपुर में एलआरपी चौराहे पर पहुंचे, जहां से वह वाहन आने का इंतजार करने लगे।
शिव के मुताबिक, कुछ ही देर के बाद एक ई-रिक्शा आया। पूछने पर चालक से उन्होंने रुकुंदीपुर जाने की बात कही। इसके बाद वह उस पर सवार होकर घर के लिए निकल पड़े। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक ने कुछ ही दूर पर एक और युवक को बैठा लिया।
बीरबाबा स्थान पर सुनसान रास्ता देखकर चालक ने उसे नीचे उतारा और अपने साथी के मदद से उसके पास मौजूद करीब 35 सौ रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद दवा भी छीनने का प्रयास किया। उन्होंने विरोध किया तो लुटेरे उसकी पिटाई कर भाग गए। पीड़ित थाने पहुंचा तो पुलिस ने उसकी बात न सुनकर उसे भगा दिया।इंस्पेक्टर सदर हेमंत राय ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में नहीं आया है। अगर कोई तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की जाएगी।