पीड़ित रामबक्श गुप्ता। स्रोत : सोशल मीडिया
पलिया/गौरीफंटा। दो टैक्सी चालकों के बीच विवाद के बाद एक चालक को कार के बोनट पर लादकर कई किलोमीटर तक दौड़ाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो शुक्रवार को वायरल हो गया, जिससे हड़कंप मच गया।
पलिया निवासी रामबक्श गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी दूसरे टैक्सी चालक प्रवीण से मामूली कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान प्रवीण ने पीछे से कार की टक्कर मार दी, जिससे वह कार के बोनट पर गिर गया। आरोप है कि चालक ने कार भगा दी और वह वाइपर पकड़कर बोनट पर लटका रहा।
बताया गया कि आरोपी चालक करीब चार किलोमीटर तक कार दौड़ाता रहा। पीछे से आ रहे अन्य वाहन चालकों ने कार को ओवरटेक कर रुकवाया और पीड़ित को मुक्त कराया।
वहीं दूसरे चालक ने भी तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसकी कार के शीशे पर हमला किया गया, जिससे वह घबरा गया और कार लेकर आगे बढ़ गया।
कोतवाल जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।