लखीमपुर खीरी। जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश में नगर पालिका परिषद की जल निकासी के इंतजाम डूब गए। मुख्य मार्गों से लेकर कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। सबसे ज्यादा खराब हालत शहर के निचले इलाकों में हुई। यहां लंबे समय तक जलभराव रहा तो पंपिंग सेट के जरिये पानी निकलवाया जा सका।
गंगोत्री नगर, शिव कॉलोनी, हिदायत नगर, ईदगाह, बलदेव नगर, नई बस्ती समेत कई मोहल्लों की गलियांऔर खाली प्लॉट पानी से लबालब हो गए। सड़कों और नालियों में पानी का बहाव एक समान हो गया, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो रहा है। गंगोत्री नगर समेत कुछ अन्य मोहल्लों में तो भूखंडों में भरे पानी को नगर पालिका प्रशासन ने पंपिंग सेट लगाकर निकाला। यहां हर साल बरसात के सीजन में भारी जलभराव हो जाता है।
निचले मोहल्लों के अलावा शहर की मुख्य सड़कें भी जलभराव की चपेट में आ गईं, जिनमें तहसील वाली सड़क, गांधी विद्यालय के सामने, खीरी मार्ग, गढ़ी मार्ग समेत कई सड़कें जलमग्न हो गईं। लोगों को जलभराव के बीच से गुजरने को मजबूर हैं, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। कई जगहों पर पानी इतना अधिक है कि पैदल चलना भी दूभर हो गया है।
नगर पालिका ने कुछ प्रभावित मोहल्लों में पानी निकासी के लिए पंपिंग सेट लगाए हैं, लेकिन अभी भी कई क्षेत्रों में स्थिति जस की तस बनी हुई है। जलभराव के कारण न केवल आवागमन प्रभावित हुआ है, बल्कि कई घरों में पानी घुसने की भी खबरें सामने आई हैं।
मोहल्ला नई बस्ती में हुआ जलभराव। संवाद
मोहल्ला नई बस्ती में हुआ जलभराव। संवाद
मोहल्ला नई बस्ती में हुआ जलभराव। संवाद