लखीमपुर खीरी। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बुधवार को विधानसभा चुनाव के संबंध में कलक्ट्रेट में सभी आरओ एवं एआरओ के साथ बैठक की। इस दौरान संबंधित को जरूरी निर्देश दिए।
अध्यक्षता करते हुए डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्णतया अनुपालन कराया जाए। वही अपने-अपने क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता का सम्यक अनुपालन सुनिश्चित करें। इस समय किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उनके उत्तरदायित्व बताएं।
बैठक में सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के दौरान आरओ व एआरओ के कार्य दायित्वों को पीपीपी के जरिये रेखांकित किया। बैठक में एडीएम संजय कुमार सिंह ने भी विधानसभा चुनाव में अधिकारियों के जिम्मदारियां बताईं और निष्ठा पूर्वक काम करने को कहा। बैठक में सीडीओ अनिल कुमार सिंह, एडीएम संजय कुमार सिंह, सभी आरओ और एआरओ मौजूद रहे।