अपराध समीक्षा बैठक में सदर कोतवाल, गोला और निघासन से जताई नाराजगी
जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर एसपी अपराध समीक्षा बैठक में काफी खफा रहे। बैठक में सदर कोतवाल, कोतवाली प्रभारी गोला और निघासन एसओ से कड़ी नाराजगी जताई और सुधार लाने के निर्देश दिए।
पुलिस लाइंस सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसपी अखिलेश चौरसिया ने थानेवार अपराधों की समीक्षा की। लंबित विवेचनाओं के साथ चोरी, लूट आदि घटनाओं के वर्कआउट पर जानकारी ली। बैठक में जन शिकायत प्रार्थना पत्र निस्तारण में सदर कोतवाली की स्थित खराब मिली। क्षेत्र में बढ़ रहीं घटनाओं और खुलासे न होने पर उन्होंने सदर कोतवाल एसपी उपाध्याय को खरीखोटी सुनाई। रमजान को लेकर बुलाई गई पीस कमेट की बैठक की जानकारी सीओ, एसडीएम को न देने और चंद लोगों को बुलाकर बैठक करने पर गोला कोतवाल एसएन द्विवेदी से कड़ी नाराजगी जताई और भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत दी। उधर चोरी की बढ़ती घटनाओं पर एसओ निघासन मनोज कुमार को भी आड़े हाथ लिया और घटनाओं पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। बैठक को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। जनशिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करें और उन्हें ऑनलाइन करने में कोई कोताही न बरतें। घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाएं। जिन घटनाओं का खुलासा नहीं हो सका है उनका शीघ्र वर्कआउट करें। बैठक में एएसपी एपी सिंह, सभी सीओ, कोतावल और थानेदार मौजूद रहे।