समर कैंप के समापन पर ओवरऑल चैंपियन तुषार कश्यप और शुभम पाल को डीआईओएस ने किया सम्मानित
लखीमपुर खीरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देश पर मिशन पहचान के तहत जीआईसी में आयोजित दस दिवसीय समर कैंप का सोमवार को समापन हो गया। प्रतियोगिताओं के ओवरऑल चैंपियन कक्षा 11 बी के तुषार कश्यप एवं 10 बी के शुभम पाल को डीआईओएस ओपी त्रिपाठी व डायट प्राचार्य ओपी गुप्ता ने सम्मानित किया।
समर कैंप में डीआईओएस और डायट प्राचार्य निशानेबाजी एवं बाल्टी में रखे मग में सिक्का डालने की प्रतियोगिता में शामिल हुए। निशानेबाजी में अव्वल डायट प्राचार्य सिक्का डालने में असफल रहे। शिविर का समापन राष्ट्रगान से हुआ। डॉ. एके त्रिपाठी, देवेश शर्मा, शिव कुमार वर्मा, अनिल भारती, इंदु यादव, मनोज पांडे, प्रियदर्शी पांडे, राजेश बाबू, धनवान, दिनेश आदि मौजूद रहे। संचालन बीडी भार्गव एवं मोहम्मद नईम ने किया।
मोहम्मदी। नगर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित दस दिवसीय समर कैंप का सोमवार को समापन हुआ। प्रिंसिपल मीना कुमारी ने बताया कि बालिकाओं के शैक्षिक विकास के साथ-साथ उनमें रचनात्मक कार्यों को सिखाने के लिए 21 से 30 मई तक आयोजित समर कैंप में पेंटिंग, मेहंदी लगाना, सिलाई कढ़ाई, डांस करना, ढोलक बजाना सहित तमाम गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी बालिकाओं और शिक्षिकाओं ने पूर्ण मनोयोग से कार्य किया।