फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़, गूंजे जयकारे

Sun, 09 Oct 2016 11:44 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो लखीमपुर खीरी।
विज्ञापन
नवरात्र - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नवरात्र अष्टमी को मंदिरों और घरों में हवन की धूम
विज्ञापन

नवरात्र के आठवें दिन मां के महागौरी स्वरूप की आराधना
 शारदीय नवरात्र के आठवें  (नौवें) दिन रविवार को मां के महागौरी स्वरूप की अराधना की गई। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में सामूहिक रूप से तो घरों में परिवार के साथ हवन पूजन किया। पूरे दिन होने वाले हवन के चलते शहर का वातावरण सुगंध से गमकता रहा। देवी मंदिर मां के जयकारों से गूंजते रहे। सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतार लगी रहीं। अष्टमी होने के कारण रविवार को पूरा वातावरण भक्ति से सराबोर रहा। 
दुर्गाष्टमी के दिन रविवार को लोगों ने अपने घरों में परिवार सहित हवन पूजन किया। बहुत से लोगों ने संकटादेवी मंदिर, शीतला देवी मंदिर और वंकटा देवी मंदिर में सामूहिक रूप से हवन पूजन किया। मंदिरों में सुबह चार बजे से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुबह सात बजे से 12 बजे तक मंदिर में लंबी-लंबी कतार लगी रहीं। लोगों ने मां को चूनर, शृंगार सामग्री, फल, मिष्ठान के साथ लौंग इलायची और नारियल भेंट का मां संकटादेवी की पूजा अर्चना की। 
विज्ञापन

संकटा देवी मंदिर में रात में भगवती जागरण और दिन में देवी भागवत कथा का आयोजन किया गया। पूरे नवरात्र नैमिषारण्य से आए कथा व्यास भुसुंडी जी महराज ने देवी भागवत कथा सुनाई। कथा सुनने के लिए जहां सैकड़ों लोग मौजूद रहे। वहीं देवी जागरण में भी श्रद्धालुओं ने झूमते नाचते हुए मां का गुणगान किया। संकटा देवी मंदिर में पूरे दिन श्रद्धालुओं का मेला लगा रहा।
पूरे नवरात्र का व्रत न रखने वाले लोगों ने भी अष्टमी का व्रत रखा और श्रद्धा के साथ मां की पूजा अर्चना की। सिविल लाइंस में मुक्तिधाम रोड तिराहे पर सजे सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में देवी जागरण का आयोजन किया गया। स्थानीय जयदेव संगीत विद्यालय में सजे मां के दरबार में पूजा अर्चना करने वाले लोगों का तांता लगा रहा। हर तरफ गूंज रहे मां के जयकारों से पूरा वातावरण देवी भक्ति से सराबोर दिखाई दिया।
मोहम्मदी। नगर के अस्तल मंदिर, छोटी देवी मंदिर तथा देवीस्थान आदि मंदिरों में सुख संपदा की देवी महागौरी की पूजा आराधना की गई।
अस्तल मंदिर के पुजारी उर्मिलेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि नवरात्रि का आठवां दिन हमारे शरीर का सोम चक्र जागृत करने का दिन होता है। इस दिन महागौरी की आराधना से यह चक्र जागृत हो जाता है और इस चक्र से संबंधित सभी शक्तियां भक्तों को प्राप्त हो जाती है।
मंदिरों में महिलाओं ने अपने सुहाग और सुख संपदा के लिए मां देवी को चुनरी भेंट कर विधिवत पूजा अर्चना की। कई मंदिरों में कन्या पूजन का भी आयोजन किया गया।
 
जगह-जगह जागरण, मां का गुणगान
लखीमपुर खीरी। शहर के युवराजदत्त महाविद्यालय में मां कालरात्रि नवदुर्गा जागरण का भव्य आयोजन किया गया। जागरण का आयोजन जागरण समिति रामनगर के सौजन्य से हुआ। जागरण का शुभारंभ सांसद अजय मिश्र टैनी ने गणेश वंदना के साथ किया। इस मौके पर सदर विधायक उत्कर्ष वर्मा भी मौजूद रहे।  जागरण में कलाकारों ने अत्यंत मनोहारी झांकियां पेश कीं। कार्यक्रम में आयोजक अनूप शुक्ला, रवि वर्मा, विवेक सिंह और सत्येंद्र सिंह के अलावा सुमित मोदी, राजीव वर्मा, राजेश शुक्ला, नितिन शर्मा, सौरभ सिन्हा, प्रशांत लाला, विक्की सक्सेना, विनय श्रीवास्तव सोनू, गौरव सक्सेना, अभिषेक  सिंह आदि मौजूद रहे। 
मितौली। थाना परिसर स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर नवरात्र के अवसर पर जागरण हुआ, जिसमें बरेली से आए हरमन म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने भजन प्रस्तुत किए। इस दौरान सजीव झांकियों का भी मंचन किया गया, जिन्हें देख श्रद्धालु भाव विभोर हुए। भजनों के साथ मां का गुणगान किया गया। 
एसओ रामकुमार यादव ने मां की विधिवत पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जगराते के बाद आरती, कन्या भोज और प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया। जागरण में विधायक सुनील कुमार, एसपी अखिलेश चैरसिया, एएसपी दीपेंद्र नाथ चैधरी, एसडीएम मंशाराम वर्मा, सीओ सदर एमपी सिंह, सीओ मितौली निष्ठा उपाध्याय, सर्विलांस टीम के फूलचंद्र, सराफत अली, एसओ फरधान तपेश्वर सागर, नीमगांव एसओ जावेद अख्तर, प्रधान संघ अध्यक्ष सर्वेश सिंह, दयाराम यादव, कुलदीप सिंह, मूलेश यादव मौजूद रहे। 
--
दुर्गा पूजा में सजी भव्य झांकियां
बांकेगंज। 29वें दुर्गा पूजा समारोह में शनिवार शाम भव्य झांकियों सजाई गईं। 
इस मौके पर पुरोहित कुसुम शास्त्री, मंदिर कमेटी अध्यक्ष गोविंद राम गोयल, दया नरायन राठी, राजेन्द्र प्रसाद माहेश्वरी सहित तमाम श्रद्धालु मौजूद रहे।
गांव बेचापुर में शनिवार रात मातारानी के जगराता और रविवार सार्वजनिक भंडारे के साथ एक सप्ताह तक चले दुर्गा पूजा समारोह का धूमधाम और श्रद्धा के साथ समापन हुआ।
इस मौके पर सेवादार किरन मौर्य, शिव कुमार मौर्य, राहुल, मोहित, राघव, अंकुर, शोभित, अनिल मौजूद रहे।
इधर, महरताला गांव में स्थित मां दुर्गा मंदिर ग्राउंड में चल रहे अट्ठारहवें दुर्गा पूजा समारोह में माता रानी का जगराता सोमवार रात्रि नौ बजे से होगा। यह जानकारी आयोजक जगन्नाथ सिंह भदौरिया और सेवादार प्रदीप भदौरिया ने दी। इसी प्रकार 29वें दुर्गा पूजा समारोह में माता रानी के जगराते के बाद पूजा स्थल बांकेश्वर महादेव राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण पर सोमवार को दिन में 11 बजे मंदिर कमेटी अध्यक्ष गोविंद राम गोयल की ओर से सार्वजनिक भंडारे का आयोजन होगा।
विज्ञापन

बांकेश्वर महादेव और राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण स्थित दुर्गा दरबार में रविवार दीप यज्ञ कराया गया। इससे दरबार दीपों की रोशनी से जगमग हो उठा। इस मौके पर मंदिर कमेटी अध्यक्ष गोविंद राम गोयल, वेद प्रकाश गुप्ता, दिनेश शर्मा, राजेश गुप्ता सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें