लखीमपुर-ओयल मार्ग पर दोपहर तक बंद रहा आवागमन
लखीमपुर खीरी। श्री हनुमान जन्मोत्सव को लेकर शनिवार को जिले भर में धूम रही। इस बार शनिवार को पवनपुत्र का जन्मोत्सव होने से इसका विशेष महत्व रहा। अंजनि पुत्र के भक्तों ने संकटा देवी मंदिर से गुलरीपुरवा स्थित हनुमान मंदिर तक पैदल यात्रा निकाली। इसमें बच्चे, युवा और महिलाओं से विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग शामिल हुए। शहर से लेकर गुलरीपुरवा तक करीब 10 किलोमीटर तक हाईवे भगवा मय हो गया।
चैत्र शुक्ल पूर्णिमा को चित्रा नक्षत्र में भगवान शिव ने अपने अंश 11वें रुद्र से माता अंजना के गर्भ से हनुमान के रूप में जन्म लिया। इसलिए इस तिथि को श्री हनुमान जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस बार शनिवार को जन्मोत्सव होने से इसकी महत्ता और भी बढ़ गई, क्योंकि मंगलवार और शनिवार का दिन भगवान श्रीराम के प्रिय मारुति नंदन को समर्पित है। पवन पुत्र का जन्मोत्सव को लेकर शहर के भर के श्रीहनुमान मंदिर सजाए। हाथों में जय श्रीराम एवं हनुमान का नाम लिखे झंडे लेकर चल रहे लोगों के जयकारों से पूरा जिला हनुमानमय हो गया। यात्रा में शामिल झांकियां लोगों का मनमोह रही थीं। अंजनि पुत्र का जन्मदिन मनाने के लिए भक्तों बेहद उत्साहित थे। तमाम भक्त लेटकर गुलरीपुरवा पहुंचे।
जगह-जगह हुए भंडारे
श्री हनुमान जन्मोत्सव पर जगह-जगह पर भंडारे हुए। भाजपा के नवनिर्वाचित एमएलसी अनूप गुप्ता ने भंडारा कराकर भक्तों में प्रसाद वितरित किया। इस दौरान पवन गुप्ता, संजय गुप्ता, इंद्रेश गुप्ता, विक्की कपूर, सुनैना मनार आदि लोग शामिल हुए।
रोडवेज बसों का डायवर्ट रहा रूट
भगवान बजरंग बली के जन्मोत्सव को लेकर शनिवार को रोडवेज बसों का रूट डायवर्ट रहा। गोला, शाहजहांपुर की ओर से आने वाली बसों को छाउछ से बेहजम होते हुए लखनऊ के लिए रवाना किया गया। वहीं लखीमपुर से लखनऊ जाने वाली बसों को खीरी, लहरपुर के रास्ते हरगावं होकर निकाला गया। ऐसे में दोपहर तक लखीपमुर से ओयल तक हाईवे पर आवागमन पूरी तरह से बंद रहा। इसे यात्रियों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा।