24 घंटे में नहीं हटी दुकानें, तो संगठन करेगा अनशन
शराब दुकानों के खिलाफ छिड़ी मुहिम के बीच शहर में भी मंदिर और स्कूलों के निकट संचालित शराब दुकानों को हटाने की मांग तेज हो गई है। नई आशा महिला सम्मान समिति ने सोमवार को इस संबंध में डीएम को ज्ञापन सौंपा है, जिसमें चिन्हित ठेकों को 24 घंटे में हटवाने की मांग की गई है। इसके बाद मेला मैदान तिराहे पर सांकेतिक अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है।
संगठन के प्रबंधक राजू शुक्ला और कोषाध्यक्ष कमल मिश्रा की अगुवाई में प्रतिनिधि मंडल ने डीएम कार्यालय में ज्ञापन देकर कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनदेखी करते हुए गढ़ी रोड पर हनुमान मंदिर के निकट शराब दुकानें खोली गई हैं। इससे बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा है और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है। इसके अलाव इमली चौराहा पर संतोषी माता मंदिर, विकास भवन के पास स्थित हनुमान मंदिर के निकट शराब दुकानें संचालित हैं। इन्हें हटाने के लिए कई बार शिकायतें सक्षम अधिकारियों से की जा चुकी हैं। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है।
प्रतिनिधि मंडल में राधा मिश्रा, रोहिणी मिश्रा, भावना, आलोक पांडेय शामिल रहे।