इसी नहर में फंसा मिला युवक का शव।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत के बाद बाहर निकलवाया शव
ओयल। चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम साड़ीनामा के निकट शारदा सहायक बड़ी नहर के सायफन में किसी व्यक्ति का शव मिला है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने झाल में फंसे शव को बमुश्किल बाहर निकाला। इस दौरान मौके पर लोगों की खासी भीड़ जमा हो गई।
शव निकालने के लिए चौकी के हेड कांस्टेबल इंद्रेश यादव नहर में उतरे, लेकिन सायफन में पानी के अत्यधिक घुमाव और तेज बहाव के चलते वह भी अपना नियंत्रण खो बैठे और डूबने लगे। किसी तरह वहां मौजूद सहकर्मियों ने रस्सी डालकर उनको सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस ने नहर में जाल डालकर करीब तीन घंटे कड़ी मशक्कत के बाद झाल में फंसे शव को बाहर निकालने में सफलता प्राप्त की। स्थिति देखकर शव करीब एक सप्ताह पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की उम्र 35-40 वर्ष होने का अनुमान है।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि शव को निकलवाकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। चौकी क्षेत्र के तहत किसी के गुम होने की सूचना नहीं है।