उचौलिया। दोपहर में खेत गए गांव जलालपुर निवासी युवक का शव शाम के वक्त सीतापुर-शाहजहांपुर रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है।
गांव जलालपुर निवासी चंद्रप्रकाश सिंह उर्फ वीरू सिंह ने बताया कि उसका भाई शिवप्रकाश सिंह (40) शुक्रवार की दोपहर पड़ोस गांव उकुरमुहां के पास अपने खेत पर गया था। शाम करीब छह बजे शिवप्रकाश का शव सीतापुर-शाहजहांपुर रेलवे लाइन पर पड़ा होने की सूचना मिली। बताया कि भाई के सिर पर चोट थी। इसके अलावा अन्य कहीं कहीं चोट नहीं थी।
भाई ने शिवप्रकाश की हत्या कर शव रेलवे लाइन पर डालने की आशंका जताई है। मृतक शिवप्रकाश की पत्नी बच्चों को लेकर मेरठ रिश्तेदारी में गई थीं। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के भाई ने पुलिस से हत्या की आशंका नहीं जताई है। पुलिस ने शव पर चोट के निशान मिलने से भी इन्कार किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।