मझगईं। पिता के साथ खेत की ओर गया एक युवक संदिग्ध हालात में लापता हो गया और करीब नौ घंटे के बाद जंगल में उसका शव पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन परिजनों ने पोस्टमॉर्टम करने से मना करते हुए शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
कोठिया गांव निवासी जगदीश वर्मा रविवार सुबह 11 बजे अपने 32 वर्षीय पुत्र रामप्रवेश के साथ खेत की तरफ गया था। बताया जाता है कि फसलों को आवारा मवेशियों से बचाने के लिए पिता आगे चल रहा था, जबकि रामप्रवेश पीछे था। काफी दूर बाद से पिता जगदीश ने पीछे देखा तो उसका पुत्र गायब था। देर शाम वह जब घर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश शुरू कर दी।
अनहोनी की आशंका से घबराकर पिता ने शाम को मझगईं थाने पहुंच पुलिस को घटना की जानकारी दी। रात करीब सात बजे गांव के उत्तर गधववा तालाब के पार खैरी के जंगल में ग्रामीणों को रामप्रवेश का शव रस्सी से एक पेड़ से लटका मिला। शव मिलने के बाद पिता के साथ ही पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजना चाहा, लेकिन परिजनों ने मना कर दिया। सोमवार को अंतिम संस्कार कर दिया है। बुजुर्ग पिता ने बताया कि बड़े बेटे रामप्रवेश का दिमागी संतुलन ठीक नहीं था। रस्सी घर से लेकर निकला था तो पत्नी ने टोका भी था, लेकिन फिर भी जरूरत पड़ने की बात कहकर वह रस्सी लेकर गया था।
थाना प्रभारी राजू राव ने बताया कि लिखापढ़ी करने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।