लखीमपुर खीरी में एक दुकान में काम करने वाले फिरोज आजम अली साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने गिफ्ट में आईफोन, स्मार्ट वाच और टैबलेट भेजने का झांसा देकर उन्हें चार हजार रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
फिरोज ने बताया कि 29 नवंबर को उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक कॉल आई। बाद में वीडियो कॉल कर दुबई के जमजम इलेक्ट्रॉनिक का नाम बताकर गिफ्ट निकलने की बात कही गई। गिफ्ट में स्मार्ट वाच, आईफोन व टैबलेट दिखाया गया। ठग ने फिरोज से उनका पता पूछा और एक फोटो मंगाई। बाद में एक फार्म बनाकर भेजा। फाइल के नाम पर चार हजार रुपये मांगे।
फिरोज ने ठग के भेजे गए बार कोड पर स्कैन कर चार हजार रुपये भेज दिए। थोड़ी देर बाद ठग ने कस्टम के नाम पर 16 हजार रुपये और मांगे। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने ठग से जरूरी जानकारी ली तो उसने अपना नंबर बंद कर लिया। फिरोज ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।