पलियाकलां। रामलीला मेला मैदान में श्रीरामलीला दशहरा मेले के उपलक्ष्य में बीती रात सांस्कृतिक संध्या भोजपुरी का आयोजन किया गया। जिसमें लखनऊ से आए कलाकारों ने गीतों से देर रात तक समां बांधा। इससे पहले कलाकारों को सम्मानित भी किया गया।
श्री रामलीला मेला कमेटी की तरफ से श्री रामलीला दशहरा मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें शुक्रवार की देर रात सांस्कृतिक संध्या भोजपुरी का आयोजन किया गया। लखनऊ की राम एंड पार्टी की तरफ से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भोजपुरी सिंगर रामपाल निषाद उर्फ राम भैया ने ‘पांव में पायलिया शोभो हाथ में कंगनवा’ और ‘निमिया के डार मैया डाले ली झुलुवा हो कि झूली झूली ना’ गीतों से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। रामपाल इससे पहले निर्वाचन 2019 लोकसभा में जिले के ब्रांड अंबेसडर भी रह चुके हैं। भोजपुरी लोक गायिका पलक सिंह ने भी भोजपुरी गीतों से समां बांधते हुए श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। बनारस के नृत्य कलाकारों ने रातभर लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान भारी संख्या में लोगों की भीड़ का तांता देर रात तक लगा रहा।