आंधी और मूसलाधार बारिश के बाद पानी को तरसे लोग
कई मोहल्लों और गांवों में बिजली आपूर्ति हुई बाधित
मंगलवार को आई आंधी-बारिश से एक बार फिर कई इलाकों की बत्ती गुल हो गई, जिससे लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ा। शहर के ऑफीसर कॉलोनी, नौरंगाबाद, शाहपुरा कोठी, हिदायतनगर समेत कई मोहल्लों में सुबह से ही बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जबकि गढ़ी उपकेंद्र के नार्थ और वेस्ट फीडर पर कई पोल गिरने से महेवागंज, फूलबेहड़ इलाके में सप्लाई ठप रही।
आंधी में ऑफीसर कॉलोनी की बिजली लाइनें टूट गई, तो कुछ जगहों पर पेड़ों की डाल टूटने से भी जर्जर लाइनें क्षतिग्रस्त हुई। इसके अलावा कलक्ट्रेट की बिजली गुल हो गई, जो शाम तक बहाल हो सकी। मोहल्ला शाहपुरा कोठी में दोपहर बाद ढाई बजे आपूर्ति बहाल हो सकी, लेकिन नौरंगाबाद और सलेमपुर के बड़े हिस्से में शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। आपूर्ति बहाल करने में विभागीय कर्मचारियों को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि कई जगह एक साथ ब्रेक डाउन के मामले सामने आए। जबकि कर्मचारियों की संख्या काफी कम होना आपूर्ति में बाधा बनने की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
अधिशासी अभियंता रजनीकांत मिश्रा ने बताया कि कुछ जगहों पर पोल गिरने से आपूर्ति बहाल करने में समय लगेगा। जिन इलाकों में तार टूटे थे, वहां शाम तक आपूर्ति बहाल कर दी गई है।