दिन भर चले भंडारे, राहगीरों को पिलाया शर्बत, मंदिरों पर दिन भर लगा रहा श्रद्धालुओं का तांता
जेठ माह के चौथे और अंतिम बड़े मंगल पर भंडारों और प्रसाद वितरण की धूम रही। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शर्बत और प्रसाद का वितरण किया। श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार बजरंग बली को फल, मिष्ठान और पकवान के भोग लगाने के बाद प्रसाद बांटा। मंदिरों के अलावा सार्वजनिक स्थलों, चौराहों और सड़क किनारे भी भंडारे हुए जहां श्रद्धालुओं ने राहगीरों को रोक-रोक कर भोजन कराया। इस बीच बजरंग बली के जयकारे गूंजते रहे।
अंतिम बड़े मंगल पर सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लग गया। हनुमानजी की प्रतिमाओं का फूलों से भव्य शृंगार किया गया। मंदिर सुंदरकांड और हनुमान चालीसा के पाठ से गूंजते रहे। घंटा घड़ियाल और शंख ध्वनि से पूरा वातावरण भक्ति रस से सराबोर हो उठा।
पलियाकलां। बलदेव वैदिक इंटर कॉलेज के मुख्य द्वार पर स्टाल लगाकर लोगों को शर्बत और हलुआ बांटा गया। मालगोदाम रोड पर आशीष कुमार गुप्ता और उनके परिवारीजनों ने भंडारे का आयोजन किया। निघासन रोड, मुहल्ला रंगरेजान में पानी टंकी के पास, बर्फ फैक्ट्री के निकट, मेला रोड, चीनी मिल कालोनी गेट, गन्ना सोसायटी के सामने भंडारे हुए। श्रीकुल परिवार सेवा समिति और सेवा दल के तत्वावधान में गेहूं, चने और शर्बत बांटा गया।
भीरा। बोझवा स्थित र्साइं मंदिर में भंडारा हुआ।
मझगईं। शिवमंदिर व भुईंया माता मंदिर पर भंडारा हुआ ।
गोला गोकर्णनाथ। गोला, रजागंज, संसारपुर, मूड़ा सवारान और ममरी में भी भंडारे हुए और श्रद्धालुओं ने राहगीरों को शर्बत पिलाया।
मैलानी। प्राइवेट बस स्टैंड के पास स्थित शिव मंदिर पर भंडारा, चमन चौराहे पर शर्बत तिराहे पर हलुआ बांटा गया।
बिजुआ। भीरा नगर के मुख्य चौराहे पर हनुमान भक्तों ने सब्जी-पूड़ी का प्रसाद बांटा। इधर पड़रिया तुला में भी कई जगहों पर भंडारे के आयोजन हुए।
बांकेगंज। बांकेगंज में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह राहगीरों को शर्बत पिलाया। कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया गया।
निघासन। कस्बे के हनुमानगढ़ी चौराहे पर पर प्रदीप गुप्ता, हनुमान गढ़ी मंदिर, दुर्गा मंदिर, रकेहटी के बालाजी मंदिर, बम्हनपुर, सिंगाही, झंडी आदि स्थानों पर राहगीरों को हलुआ और पूड़ी का प्रसाद बांटा।
गुलरिया। श्री बालाजी पावनधाम पड़रिया तुला में आखिरी बड़ा मंगल भंडारों के नाम रहा। भंडारे की व्यवस्था जिला पंचायत सदस्य शिवकुमार गिरि और राहुल शुक्ल ने की।
मितौली। कस्बे के पंचमुखी हुनमान मंदिर पर भक्तों का सुबह से शाम तक तांता लगा रहा। यहां विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कस्बे की अस्पताल रोड पर भी कई स्थानों पर स्टाल लगाकर शर्बत पिलाया गया। मेन रोड पर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ।
मोहम्मदी। बालाजी सेवा समिति ने मोहल्ला बाजार गंज में पटवा बाजार में बालाजी महाराज का भोग लगाकर पूड़ी सब्जी का वितरण किया। अग्रसेन जूनियर हाई स्कूल पीलीभीत की प्रधानाचार्य अभिनव गुप्ता, कमलेश साहू, पुष्पराज गुप्ता, अनिल राज, अंकित मिश्रा, पवित्र गुप्ता, कमल गुप्ता, संदीप यादव, लक्ष्मण गुप्ता, ज्योतिर्मय बरतरिया, देवेश बाजपेई, सचिन महरोत्रा, रजत रस्तोगी, राधेश्याम पटवा, सहित तमाम भक्तगण मौजूद रहे।
गोला में निकली शोभायात्रा, देखने उमड़े लोग
गोला गोकर्णनाथ। अंतिम बड़े मंगलवार को छोटी काशी हनुमत मय हो गई। प्रमुख मार्गों पर निकली शोभायात्रा को देखने लोग उमड़ पड़े। मिल रोड सब्जी मंडी स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में सुबह सात बजे से श्रद्धालुओं ने संगीतमयी सुंदरकांड पाठ किया। आरती के बाद 11 बजे सवा 43 मन के लड्डू से बजरंगबली का भोग लगाया गया। भोग के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद वितरित किया। दोपहर बाद बैंडबाजों के साथ धूमधाम से नगर में निकली भव्य शोभायात्रा में शामिल होने और देखने के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े। मिल डायवर्जन रोड स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर, लखीमपुर रोड स्थित श्री हनुमान मंदिर, कंजा देवस्थान स्थित श्री सिद्धि पातालेश्वर हनुमान मंदिर सहित नगर के अन्य हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं ने बजरंगबली का शृंगार, आरती और भोग लगाकर पूजन अर्चन किया। शोभायात्रा में उत्तराखंड के कपिल बाबरा एंड ग्रुप के कलाकारों ने कई झांकियां प्रस्तुत कीं।