लखीमपुर खीरी। रबी की फसल के लिए यूरिया की मांग बढ़ गई है लेकिन किसानों को समितियों पर खाद नहीं मिल रही है। इस कारण खेतों में खड़ी फसल सूख रही है। इसके विपरीत जिम्मेदार अधिकारी जिले में पर्याप्त मात्रा में यूरिया होने का दावा कर रहे हैं।
बुधवार को पड़ताल कराई गई तो सामने आया कि अधिकांश समितियों पर खाद नहीं है। इसके अलावा जहां उपलब्धता है, वहां किसानों को भीड़ में धक्के खाने पड़ रहे हैं। एक बोरी यूरिया के लिए किसान कतारों में खड़े हैं। कुछ समितियों पर यूरिया है, लेकिन एसएमएस न आने से वितरण नहीं हो सका। ऐसे में उन्हें फसल बचाने के लिए निजी दुकानों से महंगी खाद खरीदनी पड़ रही है। रमियाबेहड़ के सुजानपुर समिति पर यूरिया पाने के लिए बुधवार को भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ को मिली तो कुछ को बिना यूरिया के ही लौटना पड़ा। भीड़ नियंत्रित करने के लिए पढ़ुआ थाने के एसआई शिव बहादुर राव, कांस्टेबल यशपाल को पहुंचना पड़ा। सचिव महेश मनार ने भीड़ अधिक होने पर पुलिस सुरक्षा में वितरण कराया। मंगलवार को भी बेतहाशा भीड़ होने पर कर्मी की तबीयत खराब हो गई थी।
रमियाबेहड़, परौरी उपकेंद्र, नैनापुर समिति पर कई दिनों से यूरिया नहीं है। भीरा के भानपुर काफी दिनों से यूरिया नहीं है। पलिया समिति, बिजुआ के बस्तौली में यूरिया नहीं है। पसगवां के मोहीउद्दीनपुर सचिव अभिषेक ने बताया कि 100 बोरी यूरिया है, जो शाम तक खत्म हो जाएगी। धौरहरा की समितियों पर यूरिया नहीं है।
-
एसएमएस न आने से वितरण अटका
खमरिया समिति पर 600, बरबर के पैकीपुर में 600, अलीगंज में 1248 यूरिया है, लेकिन वितरण नहीं कराया गया। उचौलिया के वनकागांव में भी यूरिया है, लेकिन बोरियां बांटी नहीं गईं। सचिवों ने बताया कि एसएमएस न आने से वितरण नहीं हो सका। पड़रिया तुला यूरिया आ गई है लेकिन वितरण का मैसेज नहीं आया है। अमीरनगर सचिव अमित ने बताया कि यूरिया के लिए आरटीजीएस किया है। गोंधिया में कई दिनों से यूरिया नहीं थी, जो अब आई है। बिजुआ के दाउदपुर सचिव नीरज शुक्ला ने बताया कि तीन दिन पहले से चेक लगा है, लेकिन आज तक यूरिया नहीं आई। आज-कल करते हुए कई दिन बीत गए हैं।
इन समितियों पर यूरिया होने का दावा
बिझौली में 450, गोला में 300, केशवापुर के भल्लिया बुजुर्ग में 450, भीखमपुर में 600, संपूर्णानगर के सिंगाही खुर्द पर 150 बोरी यूरिया है। रमियाबेहड़ के कलुआ कोट, लखाही, मोहम्मदी के राजापुर बैनी, सिसौरा, संसारपुर के छत्तीपुर व मैगलगंज समिति पर यूरिया होने का दावा किया गया। पसगवां, जसमढ़ी, खरगापुर में यूरिया है।
समितियों पर यूरिया नहीं मिल पा रही है। मजबूरी में प्राइवेट से 400 से 500 रुपये में यूरिया खरीदनी पड़ रही है। जिम्मेदारों को ध्यान देना चाहिए।
-सर्वेश कुमार, प्रधान, भौव्वापुर कलां, धौरहरा
यूरिया को लेकर हर साल समस्या होती है। इस बार भी बड़ी किल्लत हो गई है। समय पर यूरिया न होने से इस बार फसलों पर बुरा असर पड़ेगा।
-सुधीर वर्मा, ग्रामीण, भौव्वापुर कलां, धौरहरा
एकदम मांग बढ़ी है। रविवार को जो रैक आई थी, जिसका आवंटन कराया जा चुका है। 60 समितियों पर यूरिया नहीं थी, जहां भेजी गई है। अधिकांश जगह पहुंच गई, जहां नहीं पहुंची है, वहां दोपहर तक आ जाएगी। जहां-जहां यूरिया खत्म हो रही, वहां भी आवंटन हो रहा है।
-रजनीश प्रताप सिंह, एआर कोऑपरेटिव
सर्वेश कुमार प्रधान भौव्वापुर कलां
सर्वेश कुमार प्रधान भौव्वापुर कलां