निघासन। कोतवाली क्षेत्र के रकेहटी कस्बे में बुधवार रात सड़क पर मगरमच्छ दिखाई देने से लोगों में हड़कंप मच गया। बजरंगगढ़ रोड स्थित पानी की टंकी के पास बिजली विभाग के संविदा कर्मी रामनिवास मौर्य पेट्रोलिंग पर निकले थे। इसी दौरान उनकी बाइक के सामने अचानक मगरमच्छ आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी समय एक अन्य बाइक सवार ने भी सड़क पर मगरमच्छ को देखा। उसने बाइक रोककर हॉर्न बजाया तो मगरमच्छ सड़क से हटकर पास के गन्ने के खेत में चला गया। बाइक सवार ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि रात के समय कोई वाहन तेज गति से गुजरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
रेंजर मोहम्मद मोबीन आरिफ ने बताया कि पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।