मगरमच्छ के हमले में घायल समनू का हाल जानने सीएचसी निघासन पहुंचे रेंजर गजेंद्र सिंह। संवाद
निघासन। क्षेत्र के गांव चखरा तिनघरवा में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खेत में धान की निकाई कर रहे एक किसान पर मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने स्थिति का जायजा लिया।
गांव निवासी समनू बुधवार सुबह अपने खेत में धान की निराई कर रहे थे। वह खेत के किनारे बह रही नहर के पास शौच के लिए चले गए। झाड़ियों में घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने अचानक समनू के हाथ पर हमला कर दिया। हमले में समनू बुरी तरह घायल हो गए।
उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह खुद को मगरमच्छ के चंगुल से खुद को छुड़ाया और शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़े और समनू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। समनू के हाथ और शरीर पर कई गहरे जख्म आए हैं।
घटना की सूचना पाकर दक्षिण निघासन रेंज लुधौरी के रेंजर गजेंद्र सिंह भी सीएचसी पहुंचे और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। उन्होंने नहर किनारे गश्त बढ़ाने और मगरमच्छ की निगरानी के लिए टीम भेजने की बात कही है।