गर्दन में लगी गोली, हालत गंभीर, लखनऊ रेफर
सोमवार की देर शाम घर से 50 मीटर दूर हुई घटना, शौच कर वापस आ रहा था घायल
शौच कर खेत से घर आ रहे कोतवाली मोहम्मदी के गांव गफ्फार नगर निवासी अवधेश कुमार(38) को गांव के ही एक युवक ने रंजिशन गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। घायल को पहले सीएचसी लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल बाद में लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि 24 साल पहले आरोपी के पिता की हत्या हुई थी, जिसके प्रतिशोध में घटना हुई है। घायल के चचेरे भाई की ओर से पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला गफ्फार नगर निवासी अमित कुमार ने बताया कि उनका चचेरा भाई अवधेश कुमार सोमवार शाम खेतों की ओर शौच करने गया था। वापस आते समय घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर गांव के ही चुन्नू उर्फ नरेंद्र यादव ने भाई अवधेश को गोली मार दी। गोली अवधेश की गर्दन में जा धंसी, जिससे वह खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर गया। घटना से गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। घर वाले घायल को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन सुधार न होने पर डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया, जहां भाई का उपचार चल रहा है। इधर घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार और आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। घायल की 16 वर्षीय पुत्री सुहानी का कहना है कि उसके पिता की किसी से कोई रंजिश नहीं है, लेकिन चौकी प्रभारी सत्य प्रकाश यादव का कहना है कि वर्ष 1993 में गोली मारने के आरोपी चुन्नू उर्फ नरेंद्र यादव के पिता की हत्या कर दी गई थी। इस घटना में घायल युवक के परिवार के कुछ लोग भी नामजद हुए थे। प्रारंभिक जांच में यह बात साफ हो गई है कि पिता की हत्या का बदला लेने के आरोपी चुन्नू उर्फ नरेंद्र यादव ने अवधेश को गोली मारी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घायल के चचेरे भाई अमित कुमार की ओर से जानलेवा हमला और धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।