फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चौबीस घंटे में कट गईं नौ महिलाओं की चोटी

Tue, 08 Aug 2017 11:09 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो  लखीमपुर खीरी।
विज्ञापन
चोटी कटी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
चोटी कटने के बाद कुछ देर के लिए बेहोश हुई महिलाएं 
विज्ञापन

अधिकतर घटनाएं हुईं ग्रामीण इलाके में, फैल रही दहशत 
जिले में महिलाओं की चोटी कटने की वारदातें थमने के बजाय बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार को जिले में अलग-अलग जगहों पर नौ महिलाओं की चोटी कट गईं। चोटी कटने के बाद शिकार हुई महिलाएं बेहोश हो गईं। इन्हें होश में आने में आधे से पौन घंटे का समय लगा। चोटी कटने की वारदातों में हो रही बढ़ोत्तरी से महिलाओं में दहशत है। अब तक यह घटनाएं ग्रामीण क्षेत्र में या शहर के बाहरी हिस्से में ही हुई हैं। बांकेगंज इलाके के दो गांवों में चोटी कटने के बाद बेहोश हुई महिलाओं को देखने के लिए सीएचसी में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोगों में दहशत और गुस्सा था। सीएचसी अधीक्षक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया। 
 
बांकेगंज इलाके में दो महिलाओं की चोटी कटी
बांकेगंज। मंगलवार सुबह अलग-अलग गांवों में दो महिलाओं की चोटियां कट गईं। चोटी कटते ही पीड़ित महिलाएं बेहोश हो गईं। चोटी कटने की पहली घटना सुबह नौ बजे हुई। बेचापुर गांव में ठाकुर प्रसाद की 40 वर्षीया पत्नी प्रेमवती घर में गैस चूल्हा की सफाई कर रही थी। अचानक चोटी कटने के बाद वह बेहोश हो गई।  
विज्ञापन

दूसरी घटना दोपहर करीब एक बजे हुई। इसमें ग्रंट नंबर 11 के गांव सिद्धनपुर निवासी अयोध्या प्रसाद की 30 वर्षीया पत्नी ऊषा देवी गोद में बच्चा लिए घर के बाहर बैठी थी। अचानक चोटी कटने के बाद महिला बेहोश हो गई। परिवारीजन उसे भी इलाज के लिए सीएचसी लाए। चोटी काटने से पीड़ित महिलाओं ने बताया कि अचानक लाल नीला उजाला लगने के बाद बालों में कीड़ा काटने का अहसास हुआ और चोटी कट कर गिर गई। इसके साथ ही वह बेहोश हो गई।
उधर, चोटी कटने की घटना खबर फैलते ही सीएचसी में तमाशबीनों का हुजूम उमड़ पड़ा। डॉक्टरों को भीड़ काबू करने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। जहां चौकी इंचार्ज सोबरन सिंह ने भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया। अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार नरवरिया का कहना है कि चोटी कटने का मामला मास हिस्टीरिया या भ्रम है। इसके पीछे चमत्कार, टोना-टोटका या अलौकिक शक्ति नहीं है।  
 
कैमहरा में विवाहिता की कटी चोटी 
फरधान। कैमहरा कस्बे में सोमवार की रात सोते समय जगजीवन गौतम की 30 वर्षीय पत्नी सरिता देवी की चोटी कट गई। चोटी कटने के बाद महिला बेहोश हो गई। शोर-शराबा सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सरिता को करीब एक घंटे बाद होश आया। वह बुरी तरह दहशत में है।
 
झाड़ू लगाते समय युवती की चोटी कटी
शारदानगर। शारदानगर पुलिस चौकी क्षेत्र के जयेन्दरपुर गांव में मंगलवार सुबह छह बजे घर में झाड़ू लगाते समय छोटेलाल की 19 वर्षीया पुत्री की चोटी कट गई। युवती की चीख सुनकर परिजन पहुंचे तब तक युवती बेहोश हो गई। पास में ही उसकी चोटी कटी पड़ी थी। युवती को परिजन बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां इलाज के बाद युवती को होश आया। युवती के पिता ने बताया कि चोटी के बाल गरम थे। मौके से कोई संदिग्ध वस्तु भी नहीं मिली है।  
 
सड़क किनारे खड़ी थी महिला कट गई चोटी
सिकंद्राबाद। नीमगांव थाना क्षेत्र के विलोचापुर गांव में मंगलवार शाम करीब पांच बजे इंद्रपाल की 35 वर्षीय पत्नी सुनीता सड़क किनारे खड़ी अपने पति से बात कर रही थी। पति कहीं जाने के लिए जैसे ही आगे बढ़ा महिला चीखकर बेहोश हो गई। जब परिवारीजन वहां पहुंचे तो देखा कि उसकी चोटी पास में कटी पड़ी थी। महिला बेहोश थी। कुछ समय बाद उसे होश आ गया।  
 
महिला की चोटी कटी और उड़ गए होश 
मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र के गांव मुर्तजाअली नगर में गोविंद की 30 वर्षीया पत्नी अनीता देवी मंगलवार को तीन बजे घर में लेटी थी तभी उसे लगा कि घर में तीन लोग आए और बाल काटने लगे। चीखने चिल्लाने के बाद वह बेहोश हो गई। महिला को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घरवालों ने यह भी बताया कि महिला के पास चोटी के बाल कटे पड़े थे। 
 
दो गांव में चोटी कटने से दहशत 
रजागज। थाना गोला और हैदराबाद क्षेत्र के दो गांवों में महिलाओं की चोटी कट गई। सोमवार की रात थाना हैदराबाद के ग्राम जिगनहा में पवन वर्मा की पत्नी पूनम वर्मा रात करीब 10 बजे घर में चारपाई पर लेटी थी, उसी समय उसकी चोटी कट गई। कटी चोटी देखकर महिला बेहोश हो गई। महिला को सीएचसी फरधान लाया गया। 
दूसरी घटना गोला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम वजीरनगर में करीब सात बजे हुई। जब कमरे में बिस्तर रखने गई 33 वर्षीय धनदेवी की चोटी कट गई। जिससे वह बेहोश हो गयी। खबर पाकर सैकड़ों लोगों का तांता लग गया। परिवार वालों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया।  
विज्ञापन

 
निजामपुर गांव में भी महिला की कटी चोटी  
हैरमखेड़ा। मंगलवार को मैगलगंज थाना क्षेत्र के गांव निजामपुर में घर के अंदर लेटी अरविंद की पत्नी रामबेटी की चोटी कट जाने से वह बेहोश हो गई। घटना शाम करीब पांच बजे  हुई। बेहोश महिला के पड़ोस में ही चारपाई पर बाल कटे पड़े थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें