गोला-खुटार रोड पर हुआ हादसा
बैलगाड़ी में गन्ना भरकर गोला चीनी मिल जा रहे एक किसान और उसके एक बैल की गोला खुटार रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक वाहन सहित भागने में सफल रहा। दुर्घटना की अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट थाना में दर्ज हुई है।
गुरुवार रात 11.30 बजे गोला खुटार रोड स्थित ग्राम हरिहरपुर और कुंवरपुर के बीच हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनहां निवासी किसान रामकुमार वर्मा बैलगाड़ी में गन्ना भरकर गोला चीनी मिल जा रहा था। इसी बीच गोला से खुटार की ओर तेज गति में जा रहे ट्रक ने बैलगाड़ी को टक्कर मार दी। जिससे बैलगाड़ी चालक रामकुमार वर्मा (45) और उसके एक बैल की मौके पर मौत हो गई। चालक ट्रक समेत फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बैलगाड़ी और बैल को रोड के किनारे करके मृतक के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कृषक की अचानक मौत होने से उसकी पत्नी फूलमती, बेटों मुकेश कुमार, नवनीत कुमार आदि परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है।
एसओ विश्वनाथ यादव ने बताया कि मृतक के बेटे नवनीत कुमार की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साथ ही ट्रक और उसके चालक का पता लगाया जा रहा है।