सदर कोतवाली की महेवागंज चौकी क्षेत्र के गांव डल्लापुरवा में बुधवार की रात एक युवक ने बीच-बचाव करने पहुंचे अपने चाचा को कुल्हाड़ी से काट डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी जिला अस्पताल में मौत हो गई। मृतक के पुत्र की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी भतीजे के खिलाफ गैैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
डल्लापुरवा निवासी 55 वर्षीय श्रीराम का भतीजा प्रताप बुधवार की रात करीब आठ बजे किसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ रहा था। पति-पत्नी के बीच गाली-गलौज सुनकर चाचा श्रीराम, उनका पुत्र विजय पाल और बहनोई कमलेश ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो गुस्साए प्रताप ने पहले से हाथ में पकड़ रखी कुल्हाड़ी से एकाएक अपने चाचा श्रीराम के सीने पर प्रहार कर दिया। कुल्हाड़ी के प्रहार से घायल होकर श्रीराम जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। आनन-फानन में 108 एंबुलेंस बुलाकर घायल श्रीराम को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां कुछ देर में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर महेवागंज चौकी इंचार्ज शिवानंद पटेल घटनास्थल पर पहुंचे और मौके सेे आलाकत्ल को बरामद कर आरोपी प्रताप को हिरासत में ले लिया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। वहीं मृतक के पुत्र विजय पाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी प्रताप के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया हैै। कोतवाल एनसी गंगवार ने बताया कि हत्या के पीछे अभी कोई गंभीर वजह सामने नहीं आई है, बल्कि पति-पत्नी के बीच झगड़े के दौरान आरोपी ने गुस्से में कुल्हाड़ी से वार किया था। मामले की विवेचना में सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।