दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक बालिका समेत दो लोगों की मौत हो गई।
मितौैली क्षेत्र के गांव मगही निवासी अवधेश का पुत्र 30 वर्षीय विपिन कुमार शुक्रवार को गांव के ही धर्मपाल के साथ बाइक से लखीमपुर एक मरीज को देखने आया था। रात करीब 10 बजे वे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में बेहजम रोड पर कलुआपुर गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें 30 वर्र्षीय विपिन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा धर्मपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर एलआरपी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर रात में परिवार वाले अस्पताल पहुंचे। शनिवार को पुलिस ने मृतक युवक का पोस्टमार्टम कराया है।
उचौलिया। शनिवार सुबह करीब 11 बजे बबक्करपुर गांव निवासी नन्हे सिंह की सात साल की बेटी रोहिणी पड़ोस के अन्य बच्चों के साथ खेलने गई थी। वहां से वापस आते समय घर जाने के लिए वह सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान शाहजहांपुर की ओर से आ रहे एक मिनी लोडर ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे के बाद रोहिणी गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने रोहिणी को परिवार वालों के साथ शाहजहांपुर जिला अस्पताल भेज दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। रोहिणी की मौत की जानकारी पाकर मां मीता गश खाकर गिर पड़ी। लोडर क्षेत्र के एक गांव का है। हादसे के बाद चालक समेत वाहन में बैठे सभी लोग फरार हो गये। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है।
पंचनामा न भरने से बालिका के शव के पीएम में हुआ विलंब
उचौलिया। शनिवार को हादसे में मरी बबक्करपुर निवासी बालिका का पंचनामा शाहजहांपुर पुलिस की संवेदनहीनता के कारण नही भरा जा सका।चौकी प्रभारी रामसिंह पवार ने वहां जाकर बालिका के शव का पंचनामा भरा। इस दौरान बालिका के परिवारवालों को इधर उधर भटकना पड़ा। शनिवार को हादसे के बाद रोहिणी के परिवार वाले उसको इलाज के लिए जिला अस्पताल शाहजहांपुर ले गये। मगर उसकी रास्ते में मौत हो गई। अस्पताल में तैनात डॉक्टर मेराज ने उसको मृत घोषित कर दिया। बालिका के शव का पंचनामा भरने के लिए डॉक्टर मेराज ने शाहजहांपुर की चौक कोतवाली पुलिस को मेमो भेजा मगर वहां की पुलिस की संवेदनहीनता के चलते शव का पंचनामा नही भरा जा सका। कोतवाली पुलिस से इस आशय की सूचना थाना पसगवां पुलिस को दी गई। जिसके बाद चौकी प्रभारी रामसिंह पवार ने जिला अस्पताल शाहजहांपुर जाकर बालिका के शव का पंचनामा भरा। समय से पंचनामा न भरे जाने से शनिवार को देरशाम तक पोस्टमार्टम न हो पाने से बालिका की मौत से दुखी परिवार वालों की परेशानी और बढ़ गई। चौकी प्रभारी रामसिंह पवार ने बताया कि जिला अस्पताल शाहजहांपुर पुलिस चौकी में एक एसआई तैनात था। मगर उन लोगों ने पंचनामा नही भरा। उन्होंने बताया कि पहली बार ऐसा हुुआ है।