दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
पलिया-भीरा रोड पर नगला मोड़ के पास एक अनियंत्रित बाइक रोड किनारे खड़ी ट्रॉलियों में घुस गई। जिसमें एक व्यक्ति की जहां मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है। घटना के काफी देर बाद घटनास्थल पर एंबुलेंस पहुंची। साथ ही पुलिस भी काफी देर बाद पहुंची।
भीरा वन विभाग में वॉचर के रूप में तैनात महेशापुर निवासी रामगोपाल का 30 वर्षीय पुत्र परमेश्वर दीन बाइक से वृद्ध महावीर के साथ पलिया आ रहा था। इस दौरान नगला मोड़ के पास रोड के किनारे खड़ी ट्रॉलियों में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर घुस गई। जिसमें परमेश्वरदीन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि महावीर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के लगभग आधा घंटा बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल महावीर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है।