देवरिया। पांच दुकानों में एक साथ सेंधमारी कर चोर सवा लाख रुपये नकदी सहित छह लाख का सामान चुरा ले गए। बर्तन, हार्डवेयर और किराने का सामान तक नहीं छोड़ा। सुबह दुुकान खोलने पहुंचे दुकानदारों को चोरी की जानकारी हुई।
घटना भटनीदादन चौराहे की है। यहां से हेतिमपुर चेक पोस्ट की दूरी नाम मात्र की है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। पकड़ीदास के राजेश जायसवाल की भटनीदादन चौराहे पर किराने की दुकान है।
रात किसी समय चोर दुकान के पीछे सेंधकर कर कैश बॉक्स में रखा तीस हजार रुपये नकद, सामान चुरा ले गए। गौरीबाजार, विक्रम विशुनपुर के अरुण कुमार वर्मा के बर्तन की दुकान से चालीस हजार नगद, एक लाख का सामान, मठिया निवासी छांगूर गुप्ता के हार्डवेयर की दुकान से तीस हजार नगद, एक लाख का सामान, हाटा, अर्जुनडीहा निवासी धर्मेन्द्र दिवाकर की दुकान से बीस हजार नकद सहित एक लाख का सामान चुरा ले गए।
कसया निवासी जितेन्द्र शर्मा की सैलून को भी चोरों ने निशाना बनाया। सेंधमारी कर दुकान से आठ सौ रुपये नकद चोरी कर भाग गए। गुरुवार की सुबह दुुकान खोलने पहुंचे दुकानदारों को बारीबारी से चोरी की जानकारी हुई।
चोरी जिस चौराहे पर हुई वहां से कुछ ही दूरी पर हेतिमपुर चेक पोस्ट है, वहां हमेशा पुलिस की मौजूदगी रहती है। पीड़ित दुकानदारों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। एसओ ने बताया कि जांच की जा रही है।