कैलाली जिला क्षेत्रीय अनुसंधान टीम और पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानो से दो लोगों को पकड़ कर उनके पास से एक बाघ और दो गुलदारों की खाल बरामद की है। इसके साथ ही उनके पास हड्डियां भी बरामद हुई है। टीम के मुताबिक उन्होंने इसे भारत से लाया जाना कबूला है।
क्षेत्रीय अनुसंधान और पुलिस टीम ने चौमाला में एक व्यक्ति के पास से एक गुलदार की खाल और करीब 2.300 किग्रा हड्डियां बरामद की। खाल की लंबाई सात फुट पांच इंच है और चौड़ाई एक फुट दस इंच। टीम के मुताबिक पकड़े गए व्यक्ति का नाम शेर बहादुर मगर निवासी कैलाली गोदावरी वार्ड नंबर आठ है। उधर इसी टीम ने कंचनपुर जिले के मौरीफांटा निवासी विष्णु बहादुर गुरुंग के पास से एक बाघ और एक गुलदार की खाल समेत करीब आठ किलो हड्डियां भी बरामद की। इसमें बाघ की खाल की लंबाई 11 फुट दो इंच और चौड़ाई तीन फुट दस इंच जबकि गुलदार की खाल की लंबाई आठ फुट और चौड़ाई दो फुट है। टीम के मुताबिक पकड़े गए लोगों ने बताया है कि वह यह खालें भारत से लाए थे।