नीमगांव क्षेत्र में गन्ने के खेत में वन्यजीवों का अवैध शिकार करते हुए तीन युवकों को पुलिस ने दबोच लिया, उनके कब्जे से खाबड़, जाली, रस्सी, तमंचा कारतूस आदि बरामद हुआ है। पुलिस ने इनके पकड़े जाने पर कई चोरी और लूट की घटनाओं के खुलासे का दावा किया है।
एसपी अरविंद सेन ने बताया कि एसओ परशुराम ओझा पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे, तभी नौरंगपुर गांव के पास शिकार की जानकारी हुई। पकड़े गए आरोपियों में मोहर्रम, रुखसार और गुन्ने खां निवासी बसाननपुरवा थाना फरधान शामिल हैं। इनमें मोहर्रम खीरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और चोरी, लूट की कई घटनाओं का आरोपी है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने नीमगांव और हैदराबाद में हुई चोरी का माल बरामद करने दावा किया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद हुई थी लेकिन पुलिस ने अपने खुलासे में ट्रैक्टर-ट्रॉली का कहीं जिक्र तक नहीं किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर दिया है।