- अलग-अलग गांवों में हुई घटना
- मृतका के मायके वालों ने लगाया जहरीला पदार्थ खिलाकर मार डालने का आरोप
क्षेत्र के अलग-अलग गांव में दो महिलाओं और एक युवक ने अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया। तीनों को घर वालों ने सीएचसी में भर्ती कराया। जहां गांव सेमरापुरवा निवासी प्रदीप की पत्नी पंछी देवी की मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर दहेज में बाइक न देने पर जबरन जहरीला पदार्थ खिलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। मृतका की मां ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
धौरहरा कोतवाली के गांव कंचनपुर निवासी बेवा रमादेवी ने बताया कि उनके पति राजेंद्र की मौत के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधे पर आ गई। किसी तरह से उन्होंने अपनी पुत्री पंछी देवी का विवाह थाना क्षेत्र के गांव सेमरा पुरवा निवासी प्रदीप के साथ दो साल पहले किया था। आरोप है कि दहेज में बाइक न मिलने के कारण पति और ससुराल के अन्य लोग पुत्री को आए दिन प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि रविवार की सुबह उसकी पुत्री की जमकर पिटाई की और उसे जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया। हालत खराब होने पर ससुराल वालों ने ही उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। आरोप है कि यहां पर पंछी की मौत हो गई। मौत के बाद ससुराल वाले उसका शव अस्पताल में ही छोड़कर भाग निकले। मृतका की मां ने पति और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ मनोज कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर क्षेत्र के गांव ओरी पुरवा निवासी माया देवी ने बताया कि शराब के नशे में पति गोकरन ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे क्षुब्ध होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। तीसरी घटना गांव प्रीतम पुरवा में हुई। गांव निवासी अशोक ने पत्नी के मायके चले जाने पर जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।