रेकी करने वाला बदमाश पुलिस के हाथ चढ़ा
मुनीम के साथ हुई लूटपाट का मामला
छह संदिग्ध युवकों से पूछताछ से मिले सुराग के आधार पर पुलिस मुनीम से आठ लाख की लूट के मामले में शामिल बदमाशों तक पहुंच गई है। पुलिस का दावा है कि घटना में तीन नहीं चार बदमाश शामिल थे। पुलिस ने रेकी करने वाले एक हिस्ट्रीशीटर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अब पुलिस प्रकाश में आए तीन अन्य बदमाशों को पकड़कर रकम बरामद करने के प्रयास में जुट गई है।
27 मई को रानीगंज निवासी चीनी के थोक व्यापारी राजे गुप्ता का मुनीम मोहल्ला शिव कॉलोनी निवासी दाताराम गुप्ता पीएनबी बैंक शाखा से आठ लाख रुपये निकाल कर पैदल घर वापस फर्म पर आ रहा था। बैंक और फर्म के बीच दिनदहाड़े बदमाशों ने मुनीम को गोली मारकर घायल कर दिया और बैग लूट ले गए थे। बैग में आठ लाख रुपये थे। घटना के खुलासे के लिए सीओ सिटी एमपी सिंह के नेतृत्व में चार टीमें गठित की गईं थी। अब तक पुलिस छह संदिग्ध युवकों को उठाकर पूछताछ कर चुकी है। सीओ सिटी एमपी सिंह ने बताया कि संदिग्ध लोगों से पूछताछ में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं थीं। जिस आधार पर पुलिस ने अपनी जांच तेज की तो घटना के खुलासे के अहम सुराग हाथ लग गए। जिस पर पुलिस ने बैंक से लेकर फर्म तक रेकी करने वाले एक हिस्ट्रशीटर को दबोचकर पूछताछ की। जिससे साफ हुआ घटना में तीन नहीं बल्कि चार बदमाश शामिल थे। फरार बदमाशों के पास लूटी गई रकम है। पुलिस अब तीनों फरार बदमाशों को पकड़ने के प्रयास में जुट गई है।