शारदा पुल के पास कचनारा में हुआ हादसा, कई घायल
किशनपुर रेंज के महड़ा बाबा मंदिर से मुंडन संस्कार कराकर वापस पलिया जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढों में जा गिरी। हादसे में ट्राली पर बैठा युवक उछलकर उसके नीचे आ गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रॉली में सवार करीब छह लोग घायल हो गए।
पलिया से ट्रॉली से श्रद्धालु किशनपुर सेंक्च्युरी रेंज में मड़हा बाबा मंदिर पर मुंडन कराने आए थे। इन्ही श्रद्धालुओं में पलिया निवासी विशाल कश्यप पुत्र ओमप्रकाश निवासी अहिरान थाना पलिया उसकी बहन एवं परिवार की महिलाएं भी शामिल थीं। ट्रॉली जैसे ही कचनारा मोड़ के पास पहुंची, वहां सड़क के किनारे बने एक गड्ढे में ट्रैक्टर का पहिया चला गया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खंदक में अटक गई। इस दौरान ट्रॉली की रेलिंग पर बैठा विशाल नीचे आ गिरा और वाहन के पहियों के नीचे आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पाकर भीरा एसओ जितेंद्र सिंह यादव मौके पर पहुंचे, घायलों को फौरन एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। घायलों में विशाल के परिवार की महिलाएं और पुरुष शामिल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।