- बैग में रखी 30 हजार की नगदी और गहने ले गए
- आउटर सिगनल पर ट्रेन धीमी होने पर छीना बैग
- फिर चलती ट्रेन से कूद गए दोनों बदमाश
ट्रेनों में चोर लुटेरों का खौफ बढ़ता जा रहा है। जिला मुख्यालय समेत सभी स्टेशन पर बदमाश सक्रिय हैं। यही वजह है आए दिन चोरी, छिनैती और लूट की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन जीआरपी और आरपीएफ इन पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। 20 अप्रैल को लखीमपुर रेलवे प्लेटफार्म से ट्रेन चलते ही कुंडल खींचकर भाग रहे बदमाश को किसान की पत्नी शकुंतला ने धर दबोचा था। इस घटना के नवें दिन लखीमपुर स्टेशन से ही ऐशबाग तिकुनियां पैसेंजर पर सवार हुई महिला होमगार्ड के हाथ से दो बदमाशों ने बांकेगंज रेलवे स्टेशन से पहले बैग लूटकर चलती ट्रेन से कूदकर भाग निकले। पीड़िता ने बताया कि उसकी एक मई को शादी है, इसलिए वह कुछ गहने और 30 हजार की नगदी बैग में लेकर जा रही थी। बदमाश बैग से करीब 50 हजार का सामान लूट ले गए। जीआरपी चौकी पुलिस ने मामले की तहरीर तो ले ली, लेकिन जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।
बांकेगंज। लखीमपुर महिला थाने में तैनात कस्बे के मोहल्ला श्यामपुर निवासी होमगार्ड देवकी देवी बीती शाम अपनी ड्यूटी से छुट्टी लेकर ऐशबाग से तिकुनियां जाने वाली 52240 डाउन पैसेंजर ट्रेन से अपने घर बांकेगंज वापस आ रहीं थीं। देवकी ने बताया रात करीब सवा नौ बजे ट्रेन गोला से चलकर बांकेगंज रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली ही थी कि दो बदमाशों ने पूर्वी होम सिगनल के पास ट्रेन धीमी होते ही हाथ से पर्स छीन लिया और उसे धक्का देकर ट्रेन से कूद गए। पर्स में तीस हजार रुपये नकद, एक सोने की अंगूठी, दो जोड़ी पायल, तीन मोबाइल फोन सहित करीब 50 हजार रुपये का सामान रखा था। देवकी ने बताया कि दो दिन बाद ही उसकी शादी होने वाली है, जिसके लिए वह कुछ पैसों का इंतजाम कर ड्यूटी के बाद ट्रेन से वापस बांकेगंज स्थित घर लौट रही थी। इससे पहले ही घटना हो गई। पीड़िता ने घटना की सूचना जीआरपी चौकी गोला को दी, मगर जीआरपी ने ध्यान नहीं दिया। इस पर उसने जीआरपी की एसपी सोनिया सिंह को आपबीती बताई, जिस पर जीआरपी सक्रिय हुई। इसके बाद गोला जीआरपी के चौकी इंचार्ज आरके सिंह मय दलबल बांकेगंज पहुंचे। जहां उन्होंने घटनास्थल के मुआयने के बाद पीड़िता से संबधित जानकारी हासिल की। उन्होंने बताया कि पीड़िता से घटना की तहरीर ली गई है। अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज सख्त कार्रवाई होगी।
रेल लाइन किनारे खेत में पड़ा मिला सामान
बांकेगंज। जीआरपी चौकी के स्टाफ को पड़ताल में रेलवे लाइन किनारे खेत में महिला होमगार्ड से लूटा गया पर्स मिल गया, लेकिन बदमाश उसमें से नकदी और जेवर ले गए, जबकि खेत में सामान छोड़ गए। होमगार्ड देवकी का मतदाता फोटो पहचान पत्र, बैंक पासबुक के अलावा पर्स में रखा सौंदर्य प्रसाधन सामान बरामद हुआ।
ना एस्कॉर्ट, न सिपाही, लुट रहे यात्री
लखीमपुर खीरी। ऐशबाग से मैलानी और पलिया के लिए चलने वाली ट्रेनों में तेजी से अपराध बढ़े हैं। पिछले एक माह में चलती ट्रेन में महिला के कुंडल नोचने, प्लेटफार्म से यात्रियों की जेब काटने सहित कई घटनाओं को अंजाम देकर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लगता है अपराधी जिस तेजी से सक्रिय हैं, जीआरपी उतनी ही निष्क्रिय बनी हुई है। ट्रेनों में एक माह से सिपाहियों की एस्कॉर्ट ड्यूटी बंद चल रही है, जिसकी वजह से अपराधी और भी बेखौफ हो गए हैं। सूत्रों की मानें तो ट्रेनों और प्लेटफार्म पर अपराध बढ़ने के कई कारण हैं। अप-डाउन कुल 22 ट्रेनों के यात्रियों की सुरक्षा के लिए जिला मुख्यालय के जीआरपी थाना पर 30 सिपाहियों के मुकाबले महज 15 सिपाही ही तैनात हैं। सिपाहियों की कम संख्या के कारण ट्रेनों में एस्कॉर्ट ड्यूटी नहीं हो रही है। सिर्फ ऐशबाग से पलिया पाने वाली सेंच्युरी एक्सप्रेस ट्रेन में दो सिपाही स्कॉर्ट ड्यूटी करते हैं। मौजूदा स्थिति में कुछ सिपाहियों की कमी तो कुछ जीआरपी की लापरवाही के कारण यात्रियों की सुरक्षा खतरे में दिखाई पड़ रही है।
घटनाएं कई पर वांछित एक भी नहीं
यह हैरान करने वाला है कि जीआरपी के रिकार्ड में एक भी वांछित अपराधी नहीं है और न ही कोई पुरस्कार घोषित अपराधी ही बचा है। कुल 15 हिस्ट्रीशीटर हैं, इनमें सिर्फ छह सक्रिय हैं। ऐसे में यह कहा जा रहा है कि जो घटनाएं हो रही हैं, उन्हें नई उम्र के युवक गिरोह बनाकर अंजाम दे रहे हैं।
हर पोस्ट पर है सिपाहियों की कमी
जिला मुख्यालय स्थित थाना जीआरपी पर 30 के मुकाबले 15, गोला में 10 के मुकाबले सिर्फ पांच और मैलानी में 25 की जगह सिर्फ नौ सिपाही ही तैनात हैं। जीआरपी में सिपाहियों की कमी के कारण ट्रेनों में स्कॉर्ट ड्यूटी बंद की गई है।
इन घटनाओं से फैली दहशत
- 21 अप्रैल को राजापुर के पास चलती ट्रेन में महिला शकुंतला का कुंडल नोचने का प्रयास किया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान किया गया।
- 24 अप्रैल को प्लेटफार्म से शहर के दुर्गापुरम बरखेरवा निवासी डिग्री कालेज के शिक्षक मणिन्द्र भूषण मिश्रा, हर्षित निवासी गांव सड़ौना थाना खीरी के जेब से पर्स उड़ा दिया। इन मामलों की रिपोर्ट न दर्ज कर जीआरपी ने रफा-दफा कर दिया।
- 03 अप्रैल को हरगांव रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन में हरगांव की ही एक महिला का कुंडल नोच कर फरार होने लगा, तभी लोगों ने पकड़ कर आरोपी की धुनाई कर दी और उसे पुलिस को सौंप दिया। हरगांव पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर युवक का चालान किया।
जो भी घटनाएं हुई हैं, उनकी रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। सिपाहियों की कमी होने पर दिक्कतें आ रही हैं, पूरे अनुभाग में सिपाहियों की कमी है। फिर भी डिमांड भेजी गई है। लेकिन सिपाहियों की कमी को पूरा किया जा सका।
- कुंवर राघवेंद्र बहादुर सिंह, एसओ जीआरपी
जल्द होगा वर्कआउट
एसपी रेलवे लखनऊ सोनिया सिंह ने बताया है कि मामला संज्ञान में आया है। एसओ जीआरपी लखीमपुर को बांकेगंज रेलवे स्टेशन के निकट चलती ट्रेन में महिला होमगार्ड के साथ हुई लूट का वर्कआउट के निर्देश दिए गए हैं। घटना का जल्द ही खुलासा होगा। एसपी ने बताया ट्रेनों में सफर के दौरान महिला यात्रियों के लिए टोल फ्री हेल्प लाइन नंबर 1512 चौबीस घंटे खुला रहता है। उन्होंने महिला यात्रियों से ट्रेनों में होने वाली किसी प्रकार घटना की जानकारी महिला हेल्प लाइन नंबर पर सूचना देने की अपील की है।