दो की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
खेल के दौरान बच्चों के बीच हुए विवाद से हुई घटना
चौकी क्षेत्र के गांव वनकागांव में सोमवार शाम बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद ने बड़ों के शामिल होने पर बड़ा रूप ले लिया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे और ईंट पत्थर चले। इस संघर्ष में कई लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर एक-दूसरे पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सोमवार की देरशाम वनकागांव निवासी इशहाक के पुत्र और शमशुद्दीन के पुत्र खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों बच्चों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इससे नाराज साथी ने इसकी शिकायत अपने पिता इशहाक से की, जिस पर इशहाक ने शमसुद्दीन के पुत्र को डांट दिया। इसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग एकत्र हो गए और उनमें मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। घरों से पत्थरबाजी होने लगी। जिससे शमसुद्दीन के पक्ष से अशफाक, अफसाना पत्नी जमीम, और जाहिद अली की पुत्री फरजाना, पत्नी ईश्वरी घायल हो गए, जबकि इशहाक की ओर से आये गुड्डू, मुश्ताक और तारिक घायल हुए। गुड्डू और मुश्ताक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने सीएचसी मोहम्मदी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने इशहाक पक्ष के सद्दाम की ओर से शमसुद्दीन, जाहिद, इशरत, जुल्फिकार, शमीम और शमसुद्दीन पक्ष के जाहिद अली की ओर से इशहाक, तारिक, हाकिम, शौकीन और गुड्डू के रिपोर्ट दर्ज कर ली है।