कोतवाली क्षेत्र के गांवों में बदमाशों की दहशत दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। सोमवार की रात रायपुर गांव निवासी संदीप के घर के सामने स्थित गन्ने के खेत में बदमाशों की चहल-पहल के बाद ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कई घंटे खेतों को खंगाला लेकिन बदमाश भाग निकले।
रायपुर गांव में सोमवार रात करीब नौ बजे एक दर्जन सशस्त्र बदमाशों को गन्ने के खेत में देखे जाने के बाद लोगों इस कदर दहशतजदा हो गए कि पूरा गांव एक जगह इकट्ठा होकर शोर मचाने लगा। कुछ ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर बदमाशों के बारे में बताया। जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर बदमाशों की तलाश शुरू की लेकिन वह भागने में सफल रहे। बता दें कि एक हफ्ते पहले क्षेत्र के गांव बरसोला में रामप्रसाद के घर के पास बदमाश देखे गए थे। इसी गांव में बदमाशों ने पीलीभीत के सात व्यापारियों से करीब दो लाख रुपये लूट लिए थे। हाल ही में मुजहा निवासी श्याम सुंदर के यहां डकैती भी डाली थी।