जिले भर में 3490 स्थानों पर होगा होलिका दहन
संवेदनशील होलिका स्थलों पर तैनात की गई एसएसबी, पुलिस
मतगणना के तुरंत बाद इस बार होली पड़ने से प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। जिले भर में 3490 स्थानों पर होलिका दहन होगा। होलिका दहन से लेकर होली के हुड़दंग तक पुलिस की नजर रहेगी। पुलिस ने हुड़दंगियों पर कड़ी कार्रवाई का मन बनाया है। संवेदनशील शहर और आसपास के गांवों के 72 होलिका दहन स्थानों पर पुलिस तैनात रहेगी। इनमें से आठ स्थानों पर एसएसबी को भी लगाया गया है।
जिले भर में 3490 स्थानों पर होलिका दहन होता है। इनमें से 73 स्थान सदर कोतवाली क्षेत्र में हैं। पूर्व विधानसभा चुनावों की मतगणना के बाद चुनाव नतीजे घोषित हो गए। मतगणना और होली साथ-साथ पड़ने के कारण पुलिस के लिए कानून व्यवस्था बनाए रखना किसी चुनौती से कम नहीं है। पुलिस ने कानून व्यवस्था दुरस्त रखने के लिए रणनीति तैयार की है। एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि शहर में चिह्नित नौ स्थानों पर एसएसबी के साथ एक एसआई, एक सिपाही और एक होमगार्ड तैनात रहेगा। गांवों में भी एक एसआई और सिपाही को चिह्नित किए गए प्वाइंटों पर लगाया गया है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सभी लोग प्रेम और भाईचारे के प्रतीक इस त्यौहार को आपसी सौहार्द से मनाएं। अराजकता फैलाने की कोशिश न करें। माहौल खराब खरने वाले के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा। रंग खेलने के दौरान हुड़दंग करने वाले किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।
यहां तैनात होगी एसएसबी और पुलिस
मेला मैदान चौराहा, संकटा देवी चौराहा, इमली चौराहा, हमदर्द चौराहा, बड़ा चौराहा हीरालाल धर्मशाला चौराहा, हिदायतनगर, सौजन्या चौराहा।