वाहन चेकिंग के दौरान थाने में तैनात एक दरोगा ने गुलरिहा पत्थरशाह के पूर्व प्रधान के भतीजे से अभद्रता करते हुए चाटा जड़ दिया। इस विरोध में नाराज सपाइयों और ग्रामीणों ने थाने को घेर लिया। कोतवाली तिकुनियां के प्रभारी निरीक्षक ने उच्चाधिकारियों से बात कर दरोगा पर कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
गुलरिहा पत्थरशाह के मजरा डांगा निवासी पूर्व प्रधान आशिक अली के भतीजे इंतियाज ने बताया कि सोमवार को वह अपने साथी के साथ बाइक से निघासन आया था। वहां से शाम करीब सात बजे वापस घर जा रहा था। कालेशरण के पास सिंगाही थाने में तैनात दरोगा एनके यादव वाहन चेकिंग कर रहे थे। एक सिपाही ने गाड़ी रोकने का इशारा किया। गाड़ी तेज रफ्तार में होने के कारण थोड़ा आगे बढ़कर रोकी। आरोप है कि इससे नाराज दरोगा एनके यादव ने अभद्रता करते हुए बिना कोई बात सुने चांटा जड़ दिया, इस बात की जानकारी होते ही मंगलवार को दिन में 11 बजे सपा नेता चमन राना और विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष की अगुवाई में ग्रामीणों के साथ कई लोग सिंगाही थाने पहुंचे। वहां पर थाने को घेर लिया। मौके पर पहुंचे तिकुनियां कोतवाली प्रभारी संजय ने दरोगा के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देते हुए लोगों को शांत कराया।
दरोगा एनके यादव ने बताया कि एक बाइक पर तीन लोग बैठे थे। रोकने का इशारा करने के बाद भी जब वाहन नहीं रोका गया तो उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। इसी से नाराज होकर डांट लगाई। चांटा मारने का आरोप निराधार है।