लोगों ने पिटाई कर पुलिस को सौंपा, रिपोर्ट दर्ज
रोपी के साथ तीन साल पहले पढ़ती थी युवती
तीन साल पहले तक साथ में पढ़ने वाली युवती के साथ शहर में स्थित एक धार्मिक स्थान में अश्लील हरकतें कर रहे उसके गांव के ही युवक को कुछ लोगों ने दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई की। बाद में संकटा देवी चौकी पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना निघासन क्षेत्र के एक गांव निवासी सचिन शुक्ला बुधवार को लखीमपुर आया था। उसके गांव की ही एक युवती भी शहर में स्थित एक मंदिर पर आई थी। सचिन की मंदिर पर युवती से मुलाकात हो गई। बताते हैं कि दोनों वहां लोगों की आंखों से ओझल होकर अश्लील हरकतें करने लगे। इसी बीच कुछ लोगों की उन पर नजर पड़ गई। लोगों ने आरोपी युवक को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई की। सूचना पर संकटा देवी चौकी इंचार्ज संदीप सिंह भी मौके पर पहुंच गए और युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली आए। उधर युवती झांसा देकर मौके से निकल गई। पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपी सचिन शुक्ला ने बताया कि युवती उसके गांव की रहने वाली है। दोनों तीन साल पहले एक ही साथ इंटर में पढ़ते थे। आज उसकी मुलाकात धार्मिक स्थल पर युवती से हो गई तो वह दोनों आपस में खड़े बात कर रहे थे। इसी बीच लोगों ने उसे पकड़ लिया। सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकतें करने के आरोप में सचिन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।