- बैग में थे कपड़े और जेवर
- पुलिस ने दर्ज की चोरी की रिपोर्ट
मोहल्ला हिदायतनगर निवासी दरोगा शादाब हसन का बैग लेकर रिक्शा चालक फरार हो गया। बैग में कपड़े और पत्नी के हजारों रुपये के जेवर थे। दरोगा की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात रिक्शा चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला हिदायतनगर निवासी शादाब हसन लखनऊ में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि वह सुबह करीब 11 बजे पत्नी और बच्चे के साथ रोडवेज बस में सवार होकर अपने घर लखीमपुर आए थे। आगा कोठी के पास बस से उतरकर रिक्शे पर पत्नी और 11 वर्षीय पुत्र को बैठा दिया। नगर मस्जिद के पास पत्नी रिक्शे से उतरकर खुले पैसे लेने घर के अंदर चलीं गईं। इसी बीच रिक्शा चालक उस पर रखा बैग लेकर फरार हो गया। पत्नी जब घर के बाहर निकलीं तो देखा चालक रिक्शा समेत गायब था। बैग में कपड़े और पत्नी के हजारों रुपये के जेवर थे। घर वालों ने रिक्शा चालक की तलाश की, लेकिन उसका कोई अतापता नहीं चला। दरोगा ने अज्ञात रिक्शा चालक के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। एसएसआई जयप्रकाश ने बताया कि दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात रिक्शा चालक के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।