धौरहरा रोड पर कफारा में हुआ हादसा
कफारा चौकी अंतर्गत धौरहरा मार्ग पर बने पुल के एंगल से बाइक टकरा जाने से एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएससी धौरहरा, फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया, इस दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिवार के लोगों ने बिना पोस्टमार्टम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
कफारा निवासी मकसूद अली साइकिल मिस्त्री है। दुकान पर उसका 15 वर्षीय पुत्र मासूम अली उर्फ प्रधान बैठता था। शुक्रवार को गुरगुट्टा गांव निवासी उसका दोस्त बाइक से उसकी दुकान पर आया। दोस्त की शादी में मिली नई बाइक देख मासूम ने चलाने की जिद की। दोस्त के लाख मना करने के बावजूद वह बाइक लेकर चल दिया। घर से लगभग पचास मीटर दूर ही पहुंचा था कि सड़क किनारे लगे पुल के सांकेतिक एंगल से टकरा कर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के लोग सीएचसी धौरहरा ले गए। जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, यहां से डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गयी। शनिवार को परिवार के लोगों ने बिना पोस्टमार्टम के शव को दफना दिया है।