कोतवाली क्षेत्र के गांव गुदरिया में रविवार की रात को पूर्व प्रधान रेशमी देवी के ससुर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह लोगों ने उसका शव सड़क किनारे पड़ा देखकर सूचना घरवालों को दी। इसके बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। हालांकि मृतक के पुत्र ने संदेह के आधार पर ग्राम प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सोमवार की सुबह कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुदरिया में पूरब में सड़क के किनारे 55 वर्षीय छोटेलाल का शव ग्रामीणों ने पड़ा देखा, जिसकी चर्चा पूरे गांव में फैल गई। सूचना पाकर छोटेलाल का पुत्र रामसेवक सहित परिवार वाले मौके पर पहुंचे और कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
गांव के गश्ती सिपाही पहले ही मौके पर पहुंच गए। छोटेलाल की कनपटी पर गहरे घाव के निशान होने से प्रथम दृष्टया उसकी गोली मारकर हत्या किए जाने का अंदेशा जताया गया, लेकिन सिर का एक हिस्सा फटा होने के कारण पुलिस धारदार हथियार से हत्या किए जाने की बात स्वीकार रही है।
मौके पर शव के निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक रंजीत सिंह और एसएसआई अमर सिंह ने धारदार हथियार से वारदात को अंजाम दिए जाने की बात कही। वादी रामसेवक की तहरीर के मुताबिक वह गांव में ही एक पार्टी में रविवार की रात गया था, जहां देर रात छोटेलाल भी उसी पार्टी में गए थे।
रात करीब साढे दस बजे रामसेवक पार्टी से वापस अपने घर लौट आया, जबकि छोटेलाल वहीं रुक गया था। रामसेवक ने तहरीर में मौजूदा ग्राम प्रधान संजय जायसवाल से जमीन की रंजिश का उल्लेख करते हुए उसके विरुद्ध हत्या करने की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक रंजीत सिंह के मुताबिक तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सीओ धौरहरा मनोज यादव के अनुसार संदेह के आधार पर प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, लेकिन चुनाव की रंजिश का कोई मामला नहीं हैै। मृतक के बारे में पता चला है कि वह मुंहफट था, लोगों के सामने ही बेबाकी से अपनी बात कह देता था। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है, जल्द ही विवेचना में प्राप्त तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।