पत्नी बोली, आत्महत्या की, बताया नशे का आदी
मोहल्ला रंगरेजान में पानी की टंकी के पास एक व्यक्ति का शव उसके घर में पंखे से लटकता मिला। पत्नी के मुताबिक उसने आत्महत्या की है। वह नशे का आदी था। दोनों में इसी को लेकर कहासुनी भी हुई थी।
मोहल्ला रंगरेजान तृतीय निवासी मैकूलाल का 40 वर्षीय पुत्र सीताराम का अपने घर में पंखे से लटकता शव मिला। मृतक की पत्नी सरोजनी देवी ने बताया कि उसका पति नशे का आदी था और रोज नशीली दवाएं खाता था। काम पर नहीं जाता था और समय-समय पर दवा खरीदने के लिए उससे रुपयों की मांग करता था। शनिवार की सुबह भी इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई थी। शाम करीब चार बजे सीताराम ने छोटे बेटे शिवम को बाहर जाकर खेलने को कहा और उसके बाद उसको पंखे से दुपट्टे के फंदे में लटकता शव पाया गया। घटना के बाद घर के बाहर मोहल्लेवालों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज जेके भदौरिया, एसआई राजेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। शव को नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक का बड़ा लड़का गुड्डू रिक्शा चलाता है तथा छोटा बेटा शिवम पढ़ रहा है। मृतक की पत्नी ने बताया कि वह मझगईं क्षेत्र के तिकोना फार्म का मूल निवासी है।