शारदापुरी एसएसबी ने टिल्ला नंबर चार गांव के पास दो ट्रॉलियां से गन्ने के अंदर छुपाकर रखे गए 50 गट्ठर बरामद किए। एसएसबी के मुताबिक इसे तस्करी कर नेपाल से लाया गया था। जांच के लिए वन विभाग की टीम एसएसबी बीओपी पहुंच गई है।
शुक्रवार की शाम शारदापुरी एसएसबी बीओपी इंचार्ज गणेश चकवर्ती को खबर मिली कि तस्कर माल लेकर नेपाल से इधर आ रहे हैं। इसपर उन्होंने एएसआई विद्या सागर, हेड कांस्टेबल दुर्गा सिंह, भूप सिंह, रघुदास आदि के साथ नाकेबंदी कर दी लेकिन उन्हें शनिवार सुबह तक कुछ भी नहीं मिला। एसएसबी जब भारत नेपाल सीमा के पिलर संख्या 37-38 के करीब टिल्ला नंबर चार गांव के पास पहुंची तो उसे दो ट्रॉलियां खड़ी दिखाई दीं। एसएसबी ने जांच की तो गन्ने के अंदर ऊन जैसी कोई वस्तु छिपाकर रखी गई दिखी। इस पर उन्होंने पूरे माल को बाहर निकलवाया। दोनों ट्रॉलियों में करीब 25-25 गांठें मिलीं। गांव वालों से पूछताछ की गई तो पता चला कुछ लोग रात में ट्रॉलियां छोड़ गए थे और फिर ट्रैक्टर लेकर सुबह आए भी लेकिन ट्रालियां नहीं ले गए। एसएसबी ने बरामद माल को अपने कब्जे में लेकर बीओपी में पहुंचा दिया। बरामद किया गया माल करीब 37.5 क्विंटल है।