मिस्त्री के पास बाइक ठीक कराने गया युवक उस समय गच्चा खा गया, जब दुकान पर खड़े उचक्के ने उससे बाइक में कमी देखने के लिए ले ली और नहीं लौटा। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी है।
क्षेत्र के गांव वनकागांव निवासी जुनीर हसन गुरुवार को अपने चाचा नजीर हसन की बाइक सही कराने कस्बे में एक मिस्त्री की दुकान पर गया था। वहां मिस्त्री के शागिर्द दो अन्य बाइक ठीक कर रहे थे, जबकि मिस्त्री किसी काम से शाहजहांपुर गया था। इस दौरान शागिर्दों के खाली न होने पर वहां खड़ा एक युवक जुनीर से बाइक में कमी देखने के बहाने उसे लेकर चला गया। काफी देर तक न आने पर जुनीर ने मिस्त्री के शागिर्दों से युवक के बारे में पूछा तो उन्होने उसे अनजान बताकर पल्ला झाड़ लिया। जुनीर को अपनी बाइक उचक्के के उड़ा लेने का पता चलते ही उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। मामले की सूचना पुलिस को देने के साथ ही कई ग्रामीणों और पुलिस ने बाइक ले जाने वाले की तलाश की मगर उसका सुराग नही लग सका। इसके बाद शाहजहांपुर से वापस आए मिस्त्री को पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया है।